शख्स की अक्ल दाढ़ में उगा अमरूद का पौधा, डॉ. ने भी पहली बार देखा ऐसा केस
punjabkesari.in Friday, Sep 11, 2026 - 10:00 AM (IST)
नारी डेस्क: सोचिए, आप दांत में तेज दर्द की शिकायत लेकर डॉक्टर के पास जाएं और जांच के दौरान डॉक्टर को आपकी अक्ल दाढ़ के अंदर कुछ ऐसा दिखाई दे, जिसकी उसने कभी कल्पना भी न की हो। सुनने में यह किसी फिल्मी कहानी जैसा लगता है, लेकिन ऐसा एक अजीबोगरीब मामला सामने आ चुका है। एक शख्स की अक्ल दाढ़ में बाकायदा अमरूद का बीज अंकुरित हो गया था और उसमें से पौधा निकलने लगा था। सबसे हैरानी की बात यह थी कि इसे देखकर खुद डेंटिस्ट भी चौंक गए।
दांत में दर्द लेकर पहुंचा था डॉक्टर के पास
यह मामला ताइवान के एक व्यक्ति से जुड़ा है। उसे काफी समय से दांत में दर्द की परेशानी हो रही थी। दर्द बढ़ने पर वह डेंटिस्ट के पास पहुंचा। जांच के दौरान डॉक्टर को पता चला कि उसकी ऊपरी अक्ल दाढ़ में काफी समस्या थी और उसे निकालना जरूरी था। लेकिन दाढ़ निकालते समय डॉक्टर के सामने जो नजारा आया, उसे देखकर वह भी हैरान रह गए।

दाढ़ के अंदर से निकल रहा था अमरूद का पौधा
जब डॉक्टर ने अक्ल दाढ़ को निकालना शुरू किया तो उसके अंदर एक छोटा-सा अंकुर दिखाई दिया। करीब से देखने पर पता चला कि यह किसी पेड़-पौधे की जड़ नहीं, बल्कि अमरूद का अंकुर था। यानी जिस दांत में दर्द की वजह से यह शख्स डॉक्टर के पास पहुंचा था, उसी दांत के अंदर अमरूद का बीज अंकुरित हो चुका था। पूछताछ में व्यक्ति ने बताया कि उसने उसी महीने की शुरुआत में अमरूद खाया था। संभव है कि अमरूद का कोई बीज उसके दांत में बनी कैविटी के अंदर फंस गया हो।
आखिर दांत के अंदर बीज कैसे अंकुरित हो गया
इस पूरे मामले के पीछे सबसे बड़ी वजह खराब ओरल हाइजीन और दांत में मौजूद कैविटी बताई गई। जिस अक्ल दाढ़ में समस्या थी, उसमें काफी गहरी कैविटी बन चुकी थी। इसी खाली जगह में अमरूद का बीज फंस गया। एक और खास बात यह थी कि उस दाढ़ के ठीक नीचे वाली अक्ल दाढ़ पहले से मौजूद नहीं थी। ऐसे में ऊपर वाली दाढ़ के आसपास बीज को फंसने और वहां टिके रहने के लिए पर्याप्त जगह मिल गई। मुंह के अंदर मौजूद नमी और अनुकूल परिस्थितियों के कारण बीज ने अंकुरित होना शुरू कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, जब डॉक्टर ने इसे देखा, तब यह अंकुर करीब 10 दिन पुराना बताया गया था।
ये भी पढ़ें: डॉक्टरों ने कहा था 'बचना मुश्किल': कीमो छोड़ा जंगल में बिताई रातें, 10 महीने में कैंसर हुआ गायब!
बचपन की वह बात थोड़ी सच जैसी क्यों लगी
बचपन में अक्सर घर के बड़े मजाक या डराने के लिए कहते थे कि अमरूद के बीज खाओगे तो पेट में अमरूद का पेड़ उग जाएगा। जाहिर है, इंसान के पेट में पेड़ उगना संभव नहीं है। लेकिन इस मामले में अमरूद का बीज दांत की कैविटी में फंसकर अंकुरित जरूर हो गया। यही वजह है कि इस अजीब मामले ने लोगों का खासा ध्यान खींचा। इसकी रिपोर्ट साल 2013 में British Dental Journal में भी प्रकाशित हुई थी।
खराब ओरल हाइजीन से हो सकती हैं कई परेशानियां
यह मामला भले ही सुनने में मजेदार या हैरान करने वाला लगे, लेकिन इसके पीछे एक गंभीर संदेश भी है। मुंह और दांतों की ठीक से सफाई न करने पर कैविटी, प्लाक, टार्टर और मसूड़ों से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। अगर दांतों के बीच खाना फंसता रहे और सफाई ठीक से न हो, तो बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। धीरे-धीरे इससे दांतों को नुकसान पहुंच सकता है और दर्द या संक्रमण की समस्या भी पैदा हो सकती है।

दांत और मुंह को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें
डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक, ओरल हाइजीन बनाए रखने के लिए कुछ सामान्य बातों का ध्यान रखना जरूरी है रोजाना नियमित रूप से ब्रश करें और दांतों के बीच फ्लॉसिंग करें।बहुत ज्यादा मीठे खाद्य पदार्थ और ड्रिंक्स लेने से बचें। तंबाकू और स्मोकिंग से दूरी बनाए रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। समय-समय पर डेंटिस्ट से दांतों की जांच करवाएं।कुछ आयुर्वेदिक विशेषज्ञ मुंह की सफाई के लिए गंडूष और कवल जैसी पारंपरिक प्रक्रियाओं के साथ दंत चूर्ण, लौंग और नीम के इस्तेमाल की भी बात करते हैं। हालांकि, दांत में दर्द, कैविटी या संक्रमण होने पर घरेलू उपायों के भरोसे रहने के बजाय डेंटिस्ट से जांच करवाना ज्यादा जरूरी है।
आखिरकार, इस मामले से एक बात तो साफ है दांतों की छोटी-सी कैविटी को नजरअंदाज करना भी भारी पड़ सकता है। वरना कौन सोच सकता था कि कभी किसी की अक्ल दाढ़ के अंदर से अमरूद का पौधा निकल आएगा!

