महिलाओं के लिए एक ताकतवर बीज: एक चम्मच से ही होगी हड्डियां मजबूत और हॉर्मोन संतुलित
punjabkesari.in Thursday, Aug 07, 2025 - 04:48 PM (IST)

नारी डेस्क: महिलाओं को जीवन के हर पड़ाव पर खास ध्यान देने की जरूरत होती है, खासकर उनके हॉर्मोन और हड्डियों की सेहत का। सही पोषण और आहार के जरिए ये दोनों चीजें स्वस्थ रखी जा सकती हैं। आज हम आपको एक ऐसे खास बीज के बारे में बताने जा रहे हैं, जो महिलाओं के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। यह बीज न केवल हड्डियों को मजबूत करता है बल्कि हॉर्मोन संतुलन भी बनाए रखता है।
महिलाओं के शरीर में होते हैं कई बदलाव
महिलाओं के शरीर में उम्र और जीवन के विभिन्न चरणों के दौरान कई बदलाव आते हैं। हॉर्मोन असंतुलित हो सकते हैं, जिससे अनियमित मासिक धर्म, पीसीओएस या पीसीओडी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा, हड्डियों की कमजोरी और कैल्शियम की कमी भी आम है, जो आगे चलकर फ्रैक्चर जैसी परेशानियों को जन्म दे सकती है।
सही डाइट से मिले संपूर्ण पोषण
डाइट में सही पोषक तत्वों को शामिल करना स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। महिलाओं को विशेष रूप से कैल्शियम, आयरन, विटामिन डी, ओमेगा-3, मैग्नीशियम और फोलेट जैसे तत्वों की जरूरत होती है। इन्हें सही मात्रा में लेने से शरीर मजबूत रहता है और हॉर्मोन भी संतुलित रहते हैं।
हलीम के बीज: महिलाओं के लिए सुपरफूड
हलीम के बीज या गार्डन क्रेस सीड्स महिलाओं के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। ये बीज हॉर्मोन संतुलन बनाए रखने, हड्डियों को मजबूत करने और आयरन की कमी दूर करने में मदद करते हैं।
आयरन की कमी में राहत
महिलाओं में आयरन की कमी एक सामान्य समस्या है, जिससे एनीमिया हो जाता है। हलीम के बीज आयरन से भरपूर होते हैं, इसलिए इनके नियमित सेवन से शरीर में आयरन का स्तर सुधरता है और थकान, कमजोरी जैसी समस्याएं कम होती हैं। खासकर शाकाहारी महिलाओं के लिए ये एक बेहतरीन विकल्प है।
फाइटोएस्ट्रोजेन से भरपूर
हलीम के बीज में फाइटोएस्ट्रोजेन पाए जाते हैं, जो प्राकृतिक रूप से शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन के स्तर को संतुलित करते हैं। इससे मासिक धर्म नियमित रहता है और हार्मोन से जुड़ी अन्य समस्याएं भी कम होती हैं।
हड्डियों को बनाए मजबूत
30 साल की उम्र के बाद महिलाओं में हड्डियों का घनत्व कम होने लगता है, जिससे फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है। हलीम के बीज कैल्शियम का अच्छा स्रोत हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाते हैं और ऑस्टियोआर्थराइटिस जैसी समस्याओं से बचाव करते हैं।
हलीम के बीज का सेवन कैसे करें?
न्यूट्रिशनिस्ट दीपशिखा जैन के अनुसार, हलीम के बीज का रोजाना एक छोटा चम्मच सेवन करना चाहिए। बेहतर परिणाम के लिए इसे किसी तेल या घी जैसे फैट सोर्स के साथ खाएं और ऊपर से थोड़ा नींबू निचोड़ लें। यह तरीका बीज के पोषक तत्वों को बेहतर अवशोषित करने में मदद करता है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी केवल सामान्य स्वास्थ्य सलाह के लिए है। किसी भी बीमारी या समस्या के लिए डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें।