महिलाओं की कार सुरक्षा में सुधार: अब सीट बेल्ट और एयरबैग अब उनके हिसाब से होंगे अपडेट
punjabkesari.in Tuesday, Nov 25, 2025 - 12:36 PM (IST)
नारी डेस्क: अमेरिका में कार दुर्घटनाओं में महिलाओं की सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए एक नया फीमेल क्रैश-टेस्ट डमी मॉडल विकसित किया गया है। इसका नाम TAOR-05F रखा गया है। यह डमी महिलाओं की शारीरिक बनावट के अधिक करीब है और पुराने डमी की तुलना में ज्यादा टिकाऊ और सटीक है।
महिलाओं की कार दुर्घटनाओं में जोखिम
अधिकारियों के अनुसार, कार हादसों में महिलाओं को पुरुषों की तुलना में 73% ज्यादा गंभीर चोटें और 17% ज्यादा मौत का खतरा होता है। अब तक जो डमी इस्तेमाल हो रही थी, वह 1970 के दशक के औसत अमेरिकी पुरुष के आधार पर बनाई गई थी। उसकी ऊंचाई 5 फीट 9 इंच और वजन 77 किलो था। महिलाओं के हिसाब से यह डमी केवल 5% ही उपयुक्त थी।
ड्राइविंग और जोखिम का कारण
महिलाएं आमतौर पर स्टीयरिंग व्हील के ज्यादा करीब बैठती हैं। इसके कारण उनकी हड्डियां पुरुषों की तुलना में चोट के प्रति अधिक संवेदनशील होती हैं। उन्हें व्हिपलैश (गर्दन में चोट) का खतरा भी ज्यादा रहता है। पहले इस्तेमाल होने वाले महिला डमी केवल पुरुष डमी का छोटा वर्ज़न होते थे, जिससे महिलाओं के वास्तविक सुरक्षा आंकड़े सही तरह से नहीं मिल पाते थे।
TAOR-05F: नई तकनीक और सेंसर
यह नया महिला डमी महिला शरीर की बनावट और प्रतिक्रिया के अनुसार डिजाइन किया गया है। इसमें 150 से ज्यादा सेंसर लगे हैं, जो चोटों के डेटा को तीन गुना अधिक विस्तार से रिकॉर्ड कर सकते हैं। डमी सिर, मस्तिष्क, चेहरे, पेट, पेल्विस और पैरों की चोटों का आकलन कर सकती है। इसके अलावा, यह डमी घुमावदार दिशा में झुक सकती है, जिससे वास्तविक दुर्घटना की परिस्थितियों का सटीक अनुमान लगाया जा सके।
स्मार्ट एयरबैग और बेहतर सीट बेल्ट सिस्टम
नई तकनीक के तहत स्मार्ट एयरबैग ट्यूनिंग लागू की जाएगी। इसमें एयरबैग खुलने की ताकत और समय को इस तरह एडजस्ट किया जाएगा कि चोट का खतरा कम से कम हो। इसके अलावा, सीट बेल्ट सिस्टम में लगे प्री-टेंशनर और लोड लिमिटर को महिलाओं की पेल्विस पर सही दबाव डालने के लिए संशोधित किया जाएगा। इसका मतलब यह है कि सीट बेल्ट पेट या गर्दन पर दबाव नहीं डालेगी, जिससे गंभीर चोटों की संभावना कम हो जाएगी।
महिलाओं के लिए सुरक्षित कारें
इस डमी के इस्तेमाल के बाद नई बनने वाली कारों में महिलाओं के अनुसार सीट बेल्ट, एयरबैग और अन्य सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे। इसका सीधा फायदा यह होगा कि महिलाएं छोटे कद होने पर भी सुरक्षित दूरी से गाड़ी चला सकेंगी और दुर्घटना के समय चोट का जोखिम काफी कम हो जाएगा।
TAOR-05F महिला डमी के आने से महिलाओं की सड़क सुरक्षा में बड़ा सुधार होगा। अब महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार निर्माण कंपनियां सीट बेल्ट से एयरबैग तक सभी सुरक्षा उपकरण को उनके शरीर के हिसाब से तैयार कर सकेंगी। यह कदम महिलाओं को सड़क पर सुरक्षित रखने और दुर्घटना में गंभीर चोटों को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

