कौन हैं रुचि गुज्जर? जिसने Cannes में घूंघट पहनकर इस प्रथा को खत्म करने की मांग
punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 04:05 PM (IST)
नारी डेस्क : रुचि गुज्जर एक भारतीय मॉडल और एक्ट्रेस हैं, जो हाल ही में कान फिल्म फेस्टिवल (Cannes Film Festival) में अपने अनोखे अंदाज और सामाजिक संदेश की वजह से सुर्खियों में आ गईं। उन्होंने रेड कार्पेट पर राजस्थानी लिबास और घूंघट पहनकर एंट्री की और इसके जरिए एक सामाजिक मुद्दे पर ध्यान खींचने की कोशिश की।
रुचि गुज्जर कौन हैं?
रुचि गुज्जर राजस्थान से ताल्लुक रखने वाली एक मॉडल और एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत कॉरपोरेट सेक्टर से की थी। उन्होंने जयपुर के महारानी कॉलेज से BBA की पढ़ाई की और कुछ समय तक एक सॉफ्टवेयर कंपनी में नौकरी भी की, लेकिन बाद में उन्होंने मॉडलिंग और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कदम रखा। वह साल 2023 में मिस हरियाणा भी रह चुकी हैं और धीरे-धीरे उन्होंने मॉडलिंग और म्यूजिक वीडियोज के जरिए अपनी पहचान बनाई।

फिल्म और म्यूजिक वीडियो करियर
रुचि गुज्जर ने अपने करियर में फिल्म और म्यूजिक वीडियो की दुनिया में भी काम किया है। वह कई म्यूजिक वीडियोज में नजर आ चुकी हैं, जिनसे उन्हें पहचान मिलने लगी। साल 2022 में वह एक्टर अमन वर्मा के साथ हिंदी म्यूजिक वीडियो “एक लड़की” में दिखाई दी थीं, जबकि 2023 में हरियाणवी गाना “हेली मैं चोर” से उन्हें काफी लोकप्रियता मिली। इसके अलावा भी वह कई अन्य म्यूजिक प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुकी हैं, जिनके जरिए उन्होंने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई।

Cannes में चर्चा क्यों हुई?
साल 2025 के कान फिल्म फेस्टिवल में रुचि गुज्जर अपनी अनोखी एंट्री की वजह से चर्चा में आ गईं। उन्होंने रेड कार्पेट पर घूंघट पहनकर शिरकत की और इसे उन्होंने एक सामाजिक संदेश औरविरोध के रूप में बताया। उनका कहना था कि घूंघट को महिलाओं की पहचान नहीं बनना चाहिए, क्योंकि यह कई जगहों पर महिलाओं की स्वतंत्रता को सीमित करता है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में महिलाओं को समान अधिकार और पूरी आजादी मिलनी चाहिए। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि इस प्रथा को खत्म करने और इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।

पीएम मोदी को लेकर बयान और चर्चा
रुचि गुज्जर पहले भी चर्चा में रही हैं, जब उन्होंने Cannes 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाला नेकलेस पहना था। उन्होंने कई इंटरव्यू में कहा कि वे पीएम मोदी को एक प्रेरणादायक नेता मानती हैं। रुचि गुज्जर एक मॉडल और एक्ट्रेस हैं, जो अपने करियर के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर भी खुलकर अपनी राय रखती हैं। Cannes फिल्म फेस्टिवल में उनका घूंघट वाला लुक और बयान उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ले आया।

