₹1 करोड़ के कबड्डी पुरस्कार से ऋतु नेगी का नाम बाहर, बोलीं- दो दिन में ऐसा क्या बदल गया?
punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 12:23 PM (IST)
नारी डेस्क : एशियन गेम्स में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाली कबड्डी खिलाड़ी ऋतु नेगी इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में हैं। हिमाचल प्रदेश सरकार ने हाल ही में राज्य की महिला कबड्डी खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि बढ़ाकर ₹1 करोड़ करने का ऐलान किया, लेकिन संशोधित सूची में ऋतु नेगी का नाम नहीं है। इस फैसले ने खुद खिलाड़ी और उनके परिवार को हैरान कर दिया है। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले तक उनका नाम राज्य के उन चार खिलाड़ियों में शामिल था, जिन्हें सम्मान राशि देने की घोषणा की गई थी।
पहले चारों खिलाड़ियों को मिलने थे ₹33.33 लाख
28 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 2026 एशियन गेम्स के पदक विजेताओं के लिए करीब ₹5.33 करोड़ की पुरस्कार राशि घोषित की थी। इसमें भारतीय महिला कबड्डी टीम की चार हिमाचली खिलाड़ियों पुष्पा राणा, ऋतु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को ₹33.33 लाख-₹33.33 लाख देने की बात कही गई थी। यह राशि टीम इवेंट के नियमों के तहत तय की गई थी। इसके बाद खिलाड़ियों ने पुरस्कार राशि बढ़ाने की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी। 5 अक्टूबर को मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद सरकार ने पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर के लिए पुरस्कार राशि बढ़ाकर ₹1 करोड़ करने की घोषणा की। साथ ही उन्हें सरकारी नौकरी देने की बात भी कही गई।

फिर ऋतु नेगी का नाम क्यों हुआ गायब?
संशोधित घोषणा के बाद ऋतु नेगी का नाम सामने नहीं आया। रिपोर्ट के मुताबिक, ऋतु हिमाचल प्रदेश के सिरमौर की रहने वाली हैं, लेकिन उनकी शादी हरियाणा में हुई है। सरकार से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि ऋतु को हरियाणा सरकार की खेल नीति के तहत भी पुरस्कार मिलने की उम्मीद है और इसी वजह से हिमाचल की संशोधित सूची में उनका नाम नहीं रखा गया।हालांकि, ऋतु नेगी इस फैसले से बेहद निराश हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कुछ दिन पहले तक उन्हें हिमाचल की बेटी बताकर बधाई दी जा रही थी, तो अचानक ऐसा क्या बदल गया कि उनका नाम पुरस्कार सूची से बाहर हो गया।
यें भी पढें : बड़े ब्रेस्ट वाली महिलाओं में आम हैं ये 4 परेशानियां, जानें कारण
ऋतु बोलीं- 'मेरी उपलब्धियां तो नहीं बदल गईं'
ऋतु नेगी ने कहा कि वह हिमाचल के लिए कई बार खेल चुकी हैं और देश के लिए भी लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने यह भी बताया कि वह रेलवे में कार्यरत हैं और घरेलू स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं। ऋतु ने यह सवाल भी उठाया कि क्या शादी के बाद उनकी हिमाचली पहचान खत्म हो जाती है। उनके पिता भवन सिंह नेगी ने भी इसी बात पर सवाल खड़े किए और कहा कि शादी किसी बेटी का अपने राज्य से रिश्ता कैसे बदल सकती है।

तीन एशियन गेम्स में खेलने वाली पहली भारतीय महिला कबड्डी खिलाड़ी
ऋतु नेगी का कबड्डी करियर बेहद खास रहा है। वह लगातार तीन एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली भारतीय महिला कबड्डी खिलाड़ियों में एकमात्र खिलाड़ी हैं। उन्होंने इन प्रतियोगिताओं में दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल जीता है। वह अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुकी हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश के बीजेपी प्रवक्ता और पूर्व शिलाई विधायक बलदेव तोमर ने भी ऋतु नेगी को ₹1 करोड़ के पुरस्कार से बाहर किए जाने पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि शादी हरियाणा में होने से ऋतु की हिमाचली पहचान और राज्य के लिए उनका योगदान खत्म नहीं हो जाता।
यें भी पढ़ें : मुस्लिम परिवार में जन्मीं Actress ने बदला धर्म, पिता पर लगाया यौन शोषण का आरोप
ऋतु को हरियाणा से भी मिलेगा सम्मान
रिपोर्ट्स के अनुसार ऋतु नेगी को हरियाणा सरकार की खेल नीति के तहत पुरस्कार मिलने की उम्मीद है। हालांकि, खिलाड़ी का कहना है कि उन्हें दूसरे राज्यों से सम्मान मिलने के बावजूद हिमाचल ने भी उनकी उपलब्धियों को पहले सम्मानित किया है। अब वह इस मामले में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी बात रखने की तैयारी में हैं।

