एक बार फिर बदला Mamta Kulkarni का अंदाज, जंपसूट पहन किया डांस, वायरल हुआ Video
punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2026 - 04:01 PM (IST)
नारी डेस्क : कभी बॉलीवुड की ग्लैमरस एक्ट्रेस रहीं ममता कुलकर्णी लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं। हालांकि, बीते कुछ समय से वह अपने बदले हुए अंदाज को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। महाकुंभ 2025 के दौरान संन्यास और आध्यात्म की राह चुनने के बाद ममता ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। अब एक बार फिर उनका मॉडर्न लुक सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
जंपसूट में 'भंगड़ा पाले' पर थिरकीं ममता
ममता कुलकर्णी ने सोशल मीडिया पर कुछ रील्स शेयर की हैं, जिनमें वह फिल्म 'करण अर्जुन' के हिट गाने 'भंगड़ा पाले' पर डांस करती नजर आ रही हैं। वीडियो में ममता जंपसूट पहने हुए दिखाई दे रही हैं और अपने पुराने अंदाज में डांस करती नजर आईं। बताया जा रहा है कि ये वीडियो 25 सितंबर को जयपुर में हुए एक इवेंट का है। ममता यहां स्टूडेंट्स के कार्यक्रम में गेस्ट के तौर पर पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने अपने अंदाज से कार्यक्रम में खूब रंग जमाया।

वीडियो देखकर हैरान हुए लोग
ममता का यह नया अवतार देखकर सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ यूजर्स ने उनके संन्यास और अब मॉडर्न लुक में नजर आने को लेकर सवाल किए, तो कई लोगों ने उनके डांस की तारीफ भी की। एक यूजर ने कमेंट किया कि ममता कभी साध्वी के रूप में नजर आती हैं तो कभी मॉडर्न लुक में डांस करती दिखाई देती हैं। वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि उन्हें अपने पुराने गानों के डांस स्टेप्स आज भी अच्छी तरह याद हैं।
'लाफ्टर शेफ्स' में भी नजर आई थीं ममता
ममता कुलकर्णी इससे पहले मार्च में कुकिंग रियलिटी शो 'लाफ्टर शेफ्स' में बतौर गेस्ट नजर आई थीं। शो में उन्होंने कंटेस्टेंट्स के साथ मस्ती की और अपने पुराने सुपरहिट गानों पर डांस भी किया था। अब लगातार इवेंट्स और टीवी शोज में उनकी मौजूदगी देखकर फैंस के बीच यह चर्चा तेज है कि क्या ममता कुलकर्णी एक बार फिर मनोरंजन की दुनिया में सक्रिय होने वाली हैं। हालांकि, उनकी वापसी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

