शिष्य के निधन के बाद बदल गए प्रेमानंद महाराज के आश्रम के नियम, अब पीला अचला पहनने पर लगी रोक
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 11:15 AM (IST)
नारी डेस्क: संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य के निधन के बाद से ही वृंदावन का माहौल काफी बदल गया है। रसिक दुलारी की गुरु कृपा कुंज अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी, इस हादसे के बाद आश्रम के अंदर कई नियम बदल गए हैं। दावा किया जा रहा है कि अब आश्रम में रहने और सेवा करने वाले शिष्यों के कपड़े पहनने को लेकर नया फरमान जारी हुआ है। इन नियमों से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में आश्रम के ही कुछ सेवक नए नियमों के बारे में बताते नजर आ रहे हैं। उनके मुताबिक अब केली कुंज आश्रम में हर कोई सफेद या पीला अचला नहीं पहनेगा। जिन शिष्यों का परिवार है या जो बाहर कोई काम धंधा करते हैं, जैसे दुकान चलाना, ठेला लगाना या कोई और नौकरी करना, उनको आम कपड़े पहनने के लिए कहा गया है। वो कुर्ता पायजामा जैसे सामान्य कपड़े पहनेंगे।

नए नियमों के अनुसार जो शिष्य पूरी तरह से वैरागी हैं और दिन रात आश्रम की सेवा में ही लगे रहते हैं, सिर्फ उन्हें ही सफेद कपड़े पहनने की इजाजत होगी, ये जानकारी प्रेमानंद जी से जुड़े कई सोशल मीडिया पेज पर शेयर की जा रही है। बताया तो यह भी जा रही है कि नए शिष्य बनने को लेकर भी नियम सख्त हो गए हैं। आश्रम की व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ पाबंदियां भी लगाई जा रही हैं। हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक आश्रम प्रबंधन या ट्रस्ट की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है।

