RBI का अलर्ट: 500 और 200 रुपये के नोटों को लेकर RBI ने जारी किया अलर्ट
punjabkesari.in Sunday, Jun 01, 2025 - 04:03 PM (IST)

नारी डेस्क: भारत में नकली करेंसी का खतरा फिर से बढ़ रहा है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ताजा रिपोर्ट (वित्त वर्ष 2024-25) के मुताबिक, देश में नकली नोटों की कुल संख्या में थोड़ा गिरावट जरूर आई है, लेकिन खासकर 500 और 200 रुपये के नोटों में नकली नोटों की संख्या में काफी वृद्धि देखी गई है। यह मामला आम लोगों के साथ-साथ बैंकिंग सिस्टम के लिए भी चिंता का विषय है।
कितने नकली नोट पकड़े गए?
रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में कुल 2,17,396 नकली नोट जब्त किए गए। यह संख्या पिछले वर्ष 2022-23 के 2,25,769 नकली नोटों से थोड़ी कम है। लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि 500 रुपये और 200 रुपये के नोटों में नकली नोटों की संख्या में वृद्धि हुई है-
500 रुपये के नकली नोटों में 37.3% की वृद्धि हुई है। 200 रुपये के नकली नोटों में 13.9% की बढ़ोतरी हुई है। इस अवधि में 500 रुपये के 1,17,722 नकली नोट जब्त किए गए, जबकि 200 रुपये के 32,660 नकली नोट पकड़े गए। यह बताता है कि नकली नोट बनाने वाले सबसे अधिक उच्च मूल्य के नोटों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
नकली नोट कौन पकड़ रहा है?
रिपोर्ट से पता चलता है कि पकड़े गए नकली नोटों में से केवल 4.7% नोट ही आरबीआई द्वारा जब्त किए गए हैं। बाकी 95.3% नोट विभिन्न बैंकों, खासकर निजी बैंकों के जरिये पकड़े गए हैं। इसका मतलब है कि नकली नोटों का पता लगाना और पकड़ना मुख्य रूप से बैंकों की जिम्मेदारी है।
असली 500 और 200 रुपये के नोट कैसे पहचानें?
500 रुपये का असली नोट
रंग: स्टोन ग्रे
आकार: 66 मिमी x 150 मिमी
ये भी पढ़ें: मिस वर्ल्ड 2025 बनीं थाईलैंड की सुचाता,भारत की नंदिनी टॉप-20 में,अब तक 6 बार भारत ने जीता मिस वर्ल्ड खिताब
विशेषताएं
देवनागरी में "५००" अंकित
महात्मा गांधी की तस्वीर
कलर-शिफ्टिंग सिक्योरिटी थ्रेड (हरा से नीला बदलता है)
वॉटरमार्क, उभरी छपाई, अशोक स्तंभ
पीछे लाल किले की तस्वीर
200 रुपये का असली नोट
रंग: ब्राइट येलो
आकार: 66 मिमी x 146 मिमी
विशेषताएं
देवनागरी में "२००" अंकित
महात्मा गांधी की तस्वीर
रंग बदलता मूल्यवर्ग चिन्ह
माइक्रो टेक्स्ट और सिक्योरिटी थ्रेड
दृष्टिहीनों के लिए उभरे चिन्ह
पीछे सांची स्तूप और स्वच्छ भारत का लोगो
नकली नोट मिलने पर क्या करें?
तुरंत अपने बैंक को सूचित करें। पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं। नोट लेते समय सुरक्षा फीचर्स की जांच करें, जैसे कि नोट को रोशनी में झुकाकर देखना, उभरी हुई छपाई महसूस करना, सिक्योरिटी थ्रेड और वॉटरमार्क की पहचान करना।
सावधानी जरूरी: नकली नोटों से बचाव के लिए सभी नागरिकों और व्यवसायियों को असली नोट पहचानने के तरीके सीखने चाहिए और संदिग्ध नोट मिलने पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत बनाना और आम जनता की जागरूकता बढ़ाना इस समस्या से निपटने के लिए अहम कदम हैं।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
''मां... मैंने चोरी नहीं की'', बस इतना लिखकर 13 साल के बच्चे ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में छलका दर्द
