पतियों की लंबी कतार, एक बीवी के 15 पति, पंजाब से इंग्लैंड तक वायरल हुआ मामला
punjabkesari.in Saturday, Sep 06, 2025 - 11:57 AM (IST)

नारी डेस्क : इंटरनेट पर एक ऐसी हैरान कर देने वाली कहानी वायरल हो रही है, जिसे सुनकर लोग दंग रह गए हैं। कोई इसे फिल्म की स्क्रिप्ट कह रहा है, तो कोई असली जिंदगी का सबसे बड़ा मजाक बता रहा है। सोशल मीडिया पर लोग मजाक बनाते हुए यह तक लिख रहे हैं “कौन बनेगा पति नंबर 16?” यह खबर इतनी अजीब है कि हर तरफ चर्चा का विषय बन चुकी है। मामला पंजाब के राजपुरा इलाके से जुड़ा है, लेकिन इसकी गूंज इंग्लैंड तक सुनाई दे रही है।
मामला कहां का है?
यह घटना पंजाब के राजपुरा इलाके से जुड़ी है। यहां के आलमपुर गांव के रहने वाले भिंदर सिंह अपनी पत्नी और बेटे के साथ इंग्लैंड में रहना चाहते थे। उनकी पत्नी पहले से ही इंग्लैंड में रह रही थी और उसने पति और बेटे को अपने पास बुलाने के लिए स्पॉन्सरशिप भेजी थी।
कैसे हुआ खुलासा?
भिंदर सिंह ने वीजा के लिए एक इमीग्रेशन कंपनी से मदद ली थी। लेकिन कुछ ही दिनों बाद उन्हें यह कहकर बड़ा झटका दिया गया कि उनका वीजा बन ही नहीं सकता। इसी बीच इंग्लैंड से और भी चौंकाने वाली खबर आई। वहां पुलिस ने उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी का कारण सुनकर हर कोई हैरान रह गया, क्योंकि इंग्लैंड के रिकॉर्ड्स में उस महिला की शादी 15 अलग-अलग मर्दों से दर्ज थी।
पूरा खेल क्या था?
असल में, जिन डॉक्यूमेंट्स का इस्तेमाल भिंदर सिंह और उनकी पत्नी ने वीजा के लिए किया था, उन्हीं कागजात का गलत इस्तेमाल कर इमीग्रेशन एजेंसी ने 15 और युवकों को इंग्लैंड भेज दिया। सभी को कागजों में उस महिला का पति दिखाकर वीजा दिलाया गया। यानी दस्तावेजों में वह महिला एक नहीं बल्कि 15 पतियों की बीवी बन गई। जब इंग्लैंड की अथॉरिटीज को इस गड़बड़ी पर शक हुआ तो उन्होंने तुरंत महिला को गिरफ्तार कर लिया। यह खबर सुनकर भिंदर सिंह और उनका परिवार पूरी तरह सदमे में चला गया। पहले उन्हें लगा यह कोई मजाक है, लेकिन पत्नी की गिरफ्तारी ने पूरी सच्चाई सामने ला दी।
पुलिस में शिकायत दर्ज
पत्नी की गिरफ्तारी और पूरे धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद भिंदर सिंह ने पंजाब के राजपुरा थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने इमीग्रेशन कंपनी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और अब पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पर मीम्स और रिएक्शन
जैसे ही यह मामला सामने आया, सोशल मीडिया पर कमेंट्स और मीम्स की बाढ़ आ गई। कोई हैरान था, तो कोई मजाक उड़ाने में व्यस्त। एक यूजर ने लिखा – '15 पति? बहन जी तो क्रिकेट टीम बनाने लायक स्क्वाड ले आईं।' वहीं किसी ने मजाक किया – 'मुझे तो अभी तक एक गर्लफ्रेंड नहीं मिली और यहां 15 पति? वाह रे किस्मत!' एक अन्य यूजर ने इस पर गंभीर टिप्पणी करते हुए लिखा – 'यह तो इमीग्रेशन घोटाला है, महिला को जेल भेजना गलत है। असली आरोपी तो एजेंट हैं, जिनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।'
यह पूरा मामला केवल एक परिवार ही नहीं बल्कि कई युवकों के भविष्य से जुड़ा है। इमीग्रेशन कंपनियों के ऐसे धोखाधड़ी वाले खेल से न सिर्फ लोगों के पैसे बर्बाद होते हैं बल्कि उनकी जिंदगी भी खतरे में पड़ जाती है।