जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में हुआ दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में बस गिरने से 15 लोगों की मौत
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 02:06 PM (IST)
नारी डेस्क: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को एक बस के खाई में गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे राम नगर क्षेत्र में पहाड़ी सड़क पर एक खतरनाक मोड़ पर बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्थानीय लोग सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे से घायलों को बाहर निकाला। इसके तुरंत बाद पुलिस और अन्य आपातकालीन दल भी मौके पर पहुंच गए और पीड़ितों को सुरक्षित निकालने तथा स्थल को खाली कराने का अभियान तेज कर दिया।
यह भी पढ़ें: एक महीना लगातार इसबगोल खाएंगे तो शरीर पर क्या होगा असर?
अधिकारियों ने बताया कि वाहन के मलबे से कुल 15 शव बरामद किए गए जबकि 20 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें से कई की हालत ''गंभीर'' बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब बस दूर-दराज के एक गांव से उधमपुर जा रही थी। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दुर्घटना के बाद उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बात की और कहा कि गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को हवाई मार्ग से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
यह भी पढ़ें: आसमान से बरस रही है 'आग', पंजाब से लेकर राजस्थान तक लू का अलर्ट जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।

