मोतियाबिंद ऑपरेशन में डॉक्टर्स ने कर दिया कांड, 9 मरीज हो गए अंधे और कई की निकाली गई आंख
punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 07:47 PM (IST)
नारी डेस्क: शहर के एक निजी अस्पताल में एक नेत्र शिविर में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद संक्रमण होने से नौ मरीजों की एक आंख निकालनी पड़ी और नौ अन्य मरीजों की एक आंख की रोशनी चली गई। अधिकारियों ने अस्पताल को सील कर जांच के आदेश दिये हैं। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि न्यू राजेश हाईटेक हॉस्पिटल में एक फरवरी को आयोजित नेत्र शिविर के दौरान 30 मरीजों का ऑपरेशन किया गया था। ऑपरेशन के 24 घंटों के भीतर, कई मरीज गंभीर दर्द और ऑपरेशन वाली आंख से स्राव होने की शिकायत करने लगे।
यह भी पढ़ें: अब शादी से पहले मंगेतर नहीं कर सकेंगे फोन पर बात
अस्पताल को किया गया सील
अधिकारियों ने पुष्टि की कि कम से कम 18 लोगों में संक्रमण विकसित हुआ और उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली, लखनऊ और वाराणसी के उच्च केंद्रों में रेफर किया गया। एक मरीज़ की आंख की रोशनी हालांकि बाद में आंशिक रूप से वापस आ गई। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि अस्पताल को सील कर दिया गया है और मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, "कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई दोषी पाया गया तो उसका पंजीकरण रद्द कर दिया जाएगा।" मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने इसे "गंभीर चूक" बताया और कहा कि जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के परीक्षण में जीवाणु संक्रमण की पुष्टि हुई है। कई सर्जरी आयुष्मान भारत योजना के तहत की गईं।
यह भी पढ़ें: क्या मां के पेट से ही चलने की प्रैक्टिस शुरू कर देते हैं बच्चे? हर Baby Kick पर दें ध्यान
सर्जरी के बाद ही मरीजों की हालत हुई खराब
मरीजों ने आरोप लगाया कि सर्जरी के कुछ ही घंटों बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई और अगले दिन उनमें जटिलताएं पैदा हो गईं। अधिकारियों ने कहा कि कई मामलों में, संक्रमण को आगे फैलने से रोकने के लिए डॉक्टरों को संक्रमित आंख को निकालना पड़ा। प्रभावित मरीजों में से एक ने कहा कि एम्स दिल्ली के डॉक्टरों ने 17 फरवरी को जांच के दौरान उन्हें बताया कि ऑपरेशन की गई आंख से रोशनी चली गई है। एक अन्य मरीज ने कहा कि सर्जरी के एक दिन बाद उनकी हालत खराब हो गई। उन्होंने कहा, "अगले दिन आंख से खून बहने लगा। हमें दिल्ली ले जाया गया। डॉक्टरों ने एक आंख निकाल दी। मैं अब देख नहीं सकती।"

