नाग पंचमी पर करें ये 3 खास उपाय; कालसर्प दोष से मिलेगी मुक्ति, जीवन में आएगी सुख-शांति और समृद्धि
punjabkesari.in Wednesday, Jul 09, 2025 - 10:46 AM (IST)

नारी डेस्क: सावन का महीना हिन्दू धर्म में अत्यंत पवित्र माना जाता है। इस महीने में भगवान शिव की विशेष रूप से पूजा की जाती है। पूरे महीने शिव भक्त व्रत, उपवास और रुद्राभिषेक जैसे अनुष्ठानों के माध्यम से भगवान शिव को प्रसन्न करते हैं। इसी सावन महीने में एक महत्वपूर्ण त्योहार आता है नाग पंचमी। इस दिन सर्प देवता की पूजा की जाती है। मान्यता है कि इस दिन जो व्यक्ति नाग देवता की श्रद्धा से पूजा करता है, उसे जीवन में कभी भी सर्प दोष या कालसर्प दोष का सामना नहीं करना पड़ता।
नाग पंचमी का महत्व
नाग पंचमी के दिन जीवित नागों को दूध पिलाया जाता है और पूजा की जाती है। यह विश्वास किया जाता है कि नागों को अर्पित की गई पूजा सामग्री सीधे नागलोक पहुंचती है और नाग देवता अपने भक्तों से प्रसन्न होकर उन्हें सुख, समृद्धि और धन का आशीर्वाद देते हैं। जिन लोगों पर नाग देवता की कृपा होती है उन्हें जीवन में कई तरह की बाधाओं से छुटकारा मिलता है और उनके जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।
2025 में नाग पंचमी कब है?
द्रिक पंचांग के अनुसार, हर वर्ष सावन माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को नाग पंचमी मनाई जाती है। साल 2025 में पंचमी तिथि की शुरुआत 28 जुलाई की रात 11:24 बजे से होगी और यह तिथि 30 जुलाई की सुबह 12:46 बजे तक रहेगी। उदयातिथि के आधार पर 29 जुलाई 2025, मंगलवार को नाग पंचमी मनाई जाएगी। नाग पंचमी की पूजा का सबसे शुभ मुहूर्त सुबह 5:41 बजे से 8:23 बजे तक है। इस समय नाग देवता की पूजा करना अत्यंत फलदायी माना जाता है।
नाग पंचमी के विशेष उपाय
कालसर्प दोष से मुक्ति पाने का उपाय
अगर किसी व्यक्ति की कुंडली में कालसर्प दोष है, तो नाग पंचमी के दिन यह उपाय अवश्य करना चाहिए:
किसी प्राचीन शिव मंदिर में जाकर नाग देवता की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा करवाएं।
उसके बाद नियमित रूप से नाग देवता की पूजा करें।
नाग देवता को कच्चा दूध अर्पित करें और सच्चे मन से प्रार्थना करें।
इस उपाय को श्रद्धा से करने पर कालसर्प दोष से स्थायी मुक्ति मिल सकती है।
ये भी पढ़े: सावन में ऐसे करें शिवलिंग की पूजा और अपनाएं ये जरूरी सावधानियां, भोलेनाथ होंगे प्रसन्न
मनोकामना पूर्ति का अचूक उपाय
अगर आपकी कोई इच्छा लंबे समय से पूरी नहीं हो रही है, तो नाग पंचमी के दिन यह सरल उपाय करें:
अपने घर में नाग देवता की मूर्ति या तस्वीर स्थापित करें।
उन्हें हल्दी, रोली, अक्षत (चावल), फूल, दूध और घी अर्पित करें।
नाग पंचमी की कथा पढ़ें या सुनें।
फिर सर्प देवता की आरती उतारें और मन से अपनी इच्छा कहें।
इस उपाय से नाग देवता की विशेष कृपा प्राप्त होती है और आपकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
गृह क्लेश से मुक्ति का उपाय
अगर घर में अक्सर झगड़े, तनाव या नकारात्मकता बनी रहती है, तो नाग पंचमी के दिन यह उपाय करें:
सबसे पहले शिव जी और नाग देवता की पूजा करें।
पूजा के बाद एक बाल्टी में फिटकरी, समुद्री नमक और गौमूत्र मिलाएं।
इस मिश्रण से पूरे घर में पोंछा लगाएं।
फिर घर में गुग्गल की धूप जलाएं।
इस उपाय से घर का वातावरण शुद्ध और सकारात्मक हो जाता है और परिवार के बीच प्रेम और सामंजस्य बढ़ता है।
नाग पंचमी न केवल पूजा-पाठ का दिन है, बल्कि यह आध्यात्मिक साधना और जीवन की समस्याओं से मुक्ति पाने का भी अवसर है। सच्चे मन से नाग देवता की पूजा करने से जीवन में सुख-शांति, धन-वैभव और आध्यात्मिक संतुलन बना रहता है। सावन माह और नाग पंचमी का लाभ उठाएं और इन उपायों से अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दें।