जोर से आएगी आंधी, बारिश संग गिरेगी बिजली... फिर से बदलने वाला है मौसम
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 03:48 PM (IST)
नारी डेस्क: मौसम विभाग ने देश के राज्यों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार सोमवार से बिहार के उत्तर और पूर्वी हिस्सों में मौसम बदल सकता है जिससे कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा राजस्थान में कहीं-कहीं हीट वेव की स्थिति आने वाली है। 11-12 मार्च से अधिकतम तापमान में दो-तीन डिग्री गिरावट आ सकती है। हिमाचल प्रदेश में भी मौसम बदलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: पॉप स्टार Rihanna की जान को खतरा, घर के बाहर हुई 10 राउंड फायरिंग
रविवार देर रात से ही बिहार के कई जिलों में मौसम में बदलाव महसूस किया गया। सीमांचल क्षेत्र के पूर्णिया, किशनगंज और अररिया समेत कई इलाकों में आसमान में घने बादल छा गए। सोमवार सुबह राजधानी पटना में भी मौसम बदला हुआ नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार इस बदले मौसम का असर पूर्णिया से लेकर मुजफ्फरपुर और जमुई तक के इलाकों में देखने को मिल सकता है। इन जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की स्थिति बनने के संकेत हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। उत्तर और पूर्वी बिहार के कई इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, जिसके कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: आंतों का दुश्मन है चाय और बिस्कुट का कॉम्बो, सुबह उठते ही इसे खाने की छोड़ दो आदत
विभाग के अनुसार कई जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में यह बदला हुआ मौसम 11 मार्च की रात तक जारी रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवा का सिलसिला देखने को मिल सकता है। वहीं हिमचाल प्रदेश में भी 12 मार्च को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और हिमपात होगा। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में अंधड़ चलने का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।

