सुबह आंखों में जमने वाला मैल नॉर्मल नहीं? इस बीमारी का संकेत

punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 04:26 PM (IST)

नारी डेस्क: सुबह उठते ही अगर आंखों के कोनों में चिपचिपा या सूखा मैल जमा हुआ दिखे, तो हम अक्सर इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन हर बार ऐसा करना सही नहीं है। कई बार यह आंखों से जुड़ी किसी समस्या या इंफेक्शन का संकेत भी हो सकता है। इसलिए यह समझना जरूरी है कि कब यह सामान्य है और कब आपको सतर्क हो जाना चाहिए।

 सुबह आंखों में मैल क्यों जमा होता है?

आंखों में बनने वाला यह मैल दरअसल आई डिस्चार्ज होता है, जो सूखकर पपड़ी या चिपचिपे रूप में दिखाई देता है। जब हम सोते हैं, तो हमारी आंखें बंद रहती हैं और पलकें झपकती नहीं हैं। ऐसे में आंखों का प्राकृतिक स्राव बाहर निकलने की बजाय कोनों में जमा हो जाता है, जो सुबह उठने पर दिखाई देता है। कुछ लोगों में यह हल्का और पानी जैसा होता है, जबकि कुछ में यह गाढ़ा और पीले रंग का भी हो सकता है।

 किन कारणों से बढ़ सकती है यह समस्या?

आंसू की नली में रुकावट

अगर आंसू की नली (टियर डक्ट) ब्लॉक हो जाए, तो आंसू सही तरीके से बाहर नहीं निकल पाते। इससे आंखों में पानी आना, लालिमा और पीले-हरे रंग का मैल जमा होना शुरू हो जाता है।

PunjabKesari

 एलर्जी (Allergy)

धूल, पालतू जानवरों के बाल या फफूंद जैसे एलर्जन के संपर्क में आने से आंखों में खुजली, पानी आना और सूजन हो सकती है। इस स्थिति को एलर्जिक कंजंक्टिवाइटिस कहा जाता है, जिसमें हल्का मैल भी बन सकता है।

 ड्राई आई (Dry Eye)

अगर आपकी आंखें सूखी रहती हैं, तो उनमें जलन, चुभन और लालिमा के साथ म्यूकस जैसा पदार्थ जमा हो सकता है।

बैक्टीरियल इंफेक्शन

अगर आंखों से गाढ़ा, पीला या हरा डिस्चार्ज निकल रहा है, तो यह बैक्टीरियल कंजंक्टिवाइटिस का संकेत हो सकता है। इसमें दर्द, खुजली और रोशनी से परेशानी भी होती है।

ब्लेफराइटिस (पलकों की सूजन)

इस समस्या में पलकों के किनारों पर सूजन और जलन होती है, जिससे पलकें चिपचिपी हो जाती हैं और उन पर पपड़ी जम जाती है।

कब डॉक्टर से मिलना जरूरी है?

अगर आपको ये लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें

आंखों में तेज दर्द

ज्यादा सूजन या लालिमा

धुंधला दिखाई देना

रोशनी से परेशानी

गाढ़ा पीला या हरा डिस्चार्ज

इन लक्षणों को नजरअंदाज करना आपकी आंखों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

PunjabKesari

घर पर कैसे रखें ध्यान?

हल्की समस्या होने पर आप घर पर भी कुछ आसान उपाय अपना सकते हैं:

गुनगुने पानी से आंखों को साफ करें। साफ और मुलायम कपड़े से मैल हटाएं। हाथों को बार-बार धोएं। जरूरत पड़ने पर आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करें।

साफ-सफाई है सबसे जरूरी

आंखों को स्वस्थ रखने के लिए साफ-सफाई बेहद जरूरी है। गंदे हाथों से आंखों को छूने से बचें और अपने आसपास का वातावरण साफ रखें। सुबह आंखों में हल्का मैल जमा होना सामान्य हो सकता है, लेकिन अगर इसका रंग पीला या हरा हो, या इसके साथ दर्द और सूजन हो, तो यह किसी बीमारी का संकेत हो सकता है। समय पर ध्यान और सही इलाज से आप आंखों की बड़ी समस्या से बच सकते हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static