क्या पहलगाम हमले के बाद बंद हो जाएगा करतारपुर साहिब रूट? जानिए पूरा मामला

punjabkesari.in Thursday, Apr 24, 2025 - 03:04 PM (IST)

नारी डेस्क: 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिला दिया। इस हमले में 28 पर्यटकों की जान चली गई और कई घायल हुए। हमले के बाद भारत ने इसके लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया और उस पर 5 कड़े फैसले लागू कर दिए। अब लोगों के मन में ये सवाल उठ रहा है कि क्या करतारपुर साहिब जाने वाला कॉरिडोर भी बंद किया जा सकता है?

क्या है करतारपुर साहिब कॉरिडोर?

करतारपुर कॉरिडोर भारत और पाकिस्तान के बीच बना एक वीजा-फ्री रास्ता है। इस रास्ते से भारतीय श्रद्धालु बिना वीजा के पाकिस्तान के नरोवाल ज़िले में स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब करतारपुर के दर्शन करने जा सकते हैं। यह गुरुद्वारा सिख धर्म के पहले गुरु, गुरु नानक देव जी का निवास स्थान और अंतिम समय का स्थान माना जाता है। कॉरिडोर भारत की सीमा से केवल 4.7 किलोमीटर दूर है और यह रास्ता श्रद्धालुओं के लिए बहुत खास है।

पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर लिए ये 5 कड़े फैसले

सिंधु जल समझौता स्थगित कर दिया गया – यानी पाकिस्तान के साथ जल-बंटवारे का मामला फिलहाल रोक दिया गया है।

अटारी-वाघा बॉर्डर चेक पोस्ट को बंद किया गया – 1 मई से पहले जो कानूनी तौर पर पाकिस्तान गए हैं, उन्हें भारत लौटना होगा।

SAARC वीजा छूट खत्म – इस छूट के तहत भारत आए पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे में देश छोड़ने का आदेश।

दिल्ली स्थित पाक उच्चायोग के सैन्य सलाहकारों को हटाने का फैसला – भारत अपने रक्षा सलाहकारों को भी इस्लामाबाद से बुलाएगा।

भारत-पाक उच्चायोगों में स्टाफ घटाकर 30 किया गया – पहले यह संख्या 55 थी।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें: पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन: पहलगाम हमले के बाद FWICE का सख्त कदम

अब सवाल उठता है – क्या करतारपुर कॉरिडोर बंद हो जाएगा?

फिलहाल, कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर को बंद किया जाएगा या नहीं। लेकिन इस हमले के बाद हालात तनावपूर्ण हैं और पाकिस्तान की ओर से भी प्रतिक्रिया आ रही है।

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बताया कि भारत के फैसलों पर विचार के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (NSC) की बैठक बुलाई गई है। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तान करतारपुर रूट बंद कर सकता है। हालांकि, सरकारी स्तर पर अब तक इस पर कोई ठोस घोषणा नहीं की गई है।

पहले भी बंद हो चुका है करतारपुर कॉरिडोर

1999 में इसकी शुरुआत का प्रस्ताव रखा गया था। 2019 में गुरु नानक देव जी की 550वीं जयंती पर इसे श्रद्धालुओं के लिए खोला गया। मार्च 2020 में कोरोना महामारी के चलते पाकिस्तान ने भारतीय श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। इसके बाद लंबे समय तक यात्रा बंद रही, और फिर धीरे-धीरे शुरू की गई।

अभी तक करतारपुर साहिब कॉरिडोर को बंद करने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। लेकिन पहलगाम हमले और भारत की सख्त प्रतिक्रिया के बाद हालात नाजुक हैं। आने वाले दिनों में पाकिस्तान की प्रतिक्रिया और भारत-पाक संबंधों में बदलाव के हिसाब से इस पर निर्णय हो सकता है।
  

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static