आंखों में दिखें ये 5 बदलाव तो हो जाएं सतर्क, किडनी डैमेज का हो सकता है संकेत
punjabkesari.in Sunday, Sep 14, 2025 - 10:35 AM (IST)

नारी डेस्क: शरीर की सेहत बिगड़ने पर वह कई तरह से संकेत देता है और इनमें से एक अहम संकेत हमारी आंखों से भी मिलता है। अगर आपकी आंखों में कुछ अजीब से बदलाव हो रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज बिल्कुल न करें, क्योंकि यह किडनी में गड़बड़ी का शुरुआती लक्षण हो सकता है। जी हां, किडनी की खराबी का असर हमारी आंखों पर भी साफ दिखने लगता है। किडनी शरीर का बेहद जरूरी अंग है, जो हमारे शरीर से वेस्ट (ज़हरीले तत्व) को बाहर निकालने और फ्लूइड बैलेंस बनाए रखने का काम करती है। जब यह अंग सही से काम नहीं करता, तो शरीर में कई बदलाव दिखने लगते हैं जिनमें आंखों के लक्षण भी शामिल हैं। आइए जानते हैं कि आंखों में कौन से संकेत किडनी की बीमारी की तरफ इशारा करते हैं।
लगातार सूजी हुई आंखें
अगर आपकी आंखें हर सुबह हल्की सूजी हुई नजर आती हैं तो यह सामान्य हो सकता है। लेकिन अगर दिनभर या लगातार आंखों के आसपास खासकर पलकों पर सूजन बनी रहती है, तो यह किडनी में खराबी का संकेत हो सकता है। यह स्थिति तब होती है जब किडनी से प्रोटीन यूरीन (पेशाब) में लीक होने लगता है, जिसे प्रोटीन्यूरिया कहा जाता है।
धुंधला या दोहरा दिखना
अगर अचानक आंखों से धुंधला दिखाई देने लगे, चीजों को फोकस करने में दिक्कत हो या दोहरी चीज़ें दिखने लगें, तो यह आंखों की छोटी ब्लड वेसल्स में खराबी का संकेत है। यह समस्या हाइपरटेंसिव रेटिनोपैथी या डायबिटिक रेटिनोपैथी हो सकती है, जो हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की वजह से होती है और यही दोनों किडनी खराब होने के सबसे बड़े कारण माने जाते हैं।
आंखों में लगातार खुजली और सूखापन
किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारी या डायलिसिस पर चल रहे मरीजों में यह बहुत आम बात है। आंखों में बार-बार खुजली होना, जलन और सूखापन इस ओर इशारा करता है कि शरीर में वेस्ट प्रोडक्ट्स और कैल्शियम जमा हो रहे हैं, जिससे आंखों की नमी पर असर पड़ता है और आंसू कम बनने लगते हैं।
ये भी पढ़ें: तेजी से फैल रहा H3N2 वायरस: शरीर पर दिखते हैं ये 10 लक्षण, जानिए इसके बचाव के उपाय
आंखों का लाल होना
कभी-कभी थकान, एलर्जी या वायरल के कारण भी आंखें लाल हो सकती हैं, लेकिन अगर बिना किसी सीजनल कारण के आंखें लाल और फूली हुई नजर आएं, तो यह हाई ब्लड प्रेशर का संकेत हो सकता है। ब्लड वेसल्स में प्रेशर बढ़ने से आंखों की कोशिकाएं फटने लगती हैं और आंखें लाल नजर आने लगती हैं। यह भी एक संकेत हो सकता है कि किडनी ठीक से काम नहीं कर रही।
रंगों को पहचानने में दिक्कत
किडनी की खराबी के कारण कुछ लोगों को खासकर नीले और पीले रंग को पहचानने में दिक्कत होती है। यह समस्या ऑप्टिक नर्व डैमेज या रेटिना में बदलाव की वजह से हो सकती है। ऐसा तब होता है जब हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या यूरिया के ज़हरीले तत्व (यूरेमिक टॉक्सिन्स) आंखों तक पहुंचने लगते हैं।
इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें
आंखों में कभी-कभार सूजन या खुजली होना आम बात है, लेकिन अगर यह समस्याएं लगातार बनी रहें और साथ में थकान, पेशाब में बदलाव, या शरीर में सूजन जैसे लक्षण हों तो इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। इस स्थिति में तुरंत डॉक्टर से जांच करवाना बेहद जरूरी है।
एक्सपर्ट की सलाह
एक्सपर्ट्स के अनुसार, आंखों के कुछ लक्षण हमें समय रहते गंभीर बीमारियों के बारे में बता सकते हैं, जिनमें किडनी की बीमारी भी शामिल है। इसलिए आंखों की नियमित जांच करवाना, शरीर के बाकी संकेतों पर ध्यान देना और समय रहते टेस्ट करवाना जरूरी है।
हेल्दी टिप: संतरा और आंवला भी कर सकते हैं मदद
एक्सपर्ट्स के अनुसार, रोज एक संतरा खाने से शरीर को ज़रूरी विटामिन C मिलता है और वजन भी कंट्रोल में रहता है। वहीं, आंवला न सिर्फ डाइजेशन के लिए फायदेमंद है, बल्कि यह वज़न घटाने और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में भी मदद करता है। 100 ग्राम आंवला में केवल 44 कैलोरी होती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी लक्षण के दिखने पर डॉक्टर से संपर्क करना सबसे जरूरी है। यह किसी भी इलाज, दवा या जांच का विकल्प नहीं है।