3 महीने की प्रेग्नेंट YouTuber को पति ने दी दर्दनाक मौत, 10 महीने पहले ही हुई थी शादी
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 01:16 PM (IST)
नारी डेस्क: तेलंगाना से रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक यूट्यूबर को उसके पति ने बेहद ही खतरनाक मौत दी है। चित्तारी वैष्णवी नाम की यह महिला तीन महीने की प्रेग्नेंट थी और उसके करीब 50,000 सब्सक्राइबर थे। वह यूट्यूब पर अपनी ज़िंदगी से जुड़े वीडियो शेयर करती रहती थी। 10 महीने पहले ही वह शादी के बंधन में बंधी थी।
यह भी पढ़ें: सबसे बड़ी सजा है अकेलापन, जीवनसाथी के बाद डिप्रेशन और तनाव में जी रहे हमारे देश के बुजुर्ग
गर्भवती यूट्यूबर की पहचान वैष्णवी (20) के रूप में हुई है और वह मंगलवार को माधापुर गांव में अपने माता-पिता के घर पर खून से लथपथ पाई गई थी। कोरुतला निरीक्षक सुरेश ने बताया कि महिला के माता-पिता ने पुलिस को घटना की सूचना दी। वैष्णवी के पिता एस. आर. दुर्गाप्रसाद द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर आरोपी चित्तारी हरिप्रसाद को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि हरिप्रसाद ने अपनी पत्नी का कथित तौर पर गला घोंटकर और चाकू से हमला कर हत्या कर दी। उनकी शादी करीब 10 महीने पहले हुई थी।
यह भी पढ़ें: सिर्फ बच्चों की बीमारी नहीं है निमोनिया, यह इन लोगों के लिए भी है जानलेवा
वैष्णवी के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि पति, सास तथा पति का भाई दहेज के लिए उसका उत्पीड़न करते थे। पुलिस ने बताया कि हरिप्रसाद को स्थानीय अदालत में पेश कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का अनुरोध किया जाएगा। हरिप्रसाद को हत्या मामले में मुख्य आरोपी बनाया गया है, वहीं जांचकर्ता उसके परिवार के सदस्यों की भी हत्या में उकसाने में कथित संलिप्तता के आरोपों की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है।

