Skin, दिल और किडनी सभी पर अटैक करती है गर्मी, डॉक्टरों ने बताए इससे बचने के तरीके

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 03:07 PM (IST)

नारी डेस्क: देश के विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को शरीर में पानी की कमी और लू लगने जैसी समस्याओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। चिकित्सकों के अनुसार गर्मी का सामान्य प्रभाव त्वचा संबंधी परेशानियां लेकर आता है। इसके बाद सूजन, मांसपेशियों में ऐंठन, थकान और चक्कर जैसी समस्याएं भी सामने आने लगती है। लंबे समय तक धूप और गर्म वातावरण में रहने से लू लगने (हीटस्ट्रोक) का खतर बढ़ सकता है, जो जानलेवा साबित हो सकता है। 

PunjabKesari
इस मौसम में  बढ़ती है  त्वचा संबंधी परेशानियां 

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर नवल के. विक्रम ने को बताया कि "गर्मी के कारण शरीर में कई प्रकार की दिक्कतें आती हैं। गर्मी की वजह से सबसे पहले तो त्वचा संबंधी परेशानियां सामने आती हैं जिन्हें घमोरियां कहते हैं। अधिक पसीने के कारण खुजली और त्वचा संबंधी परेशानी होती है। कई लोगों को हाथ-पैरों में सूजन की शिकायत भी हो जाती है। अधिक पसीना निकलने के कारण शरीर में निर्जलीकरण की समस्या होती है और साथ ही सोडियम व इलेक्ट्रोलाइट का स्तर भी कम हो जाता है। इससे मांसपेशियों में ऐंठन (क्रैम्प) हो सकती है। यह स्थिति खासकर उन लोगों में अधिक देखने को मिलती है जो गर्मी में अधिक शारीरिक श्रम करते हैं, जैसे मजदूर, किसान और खिलाड़ी।" 


लक्षणों पर दें ध्यान

प्रोफेसर ने बताया- '' ज्यादा गर्मी बढ़ने पर व्यक्ति को अत्यधिक थकान, सिरदर्द, कमजोरी और उल्टी जैसा महसूस हो सकता है। गंभीर स्थिति में यह हीट स्ट्रोक का रूप ले सकता है, जो शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों जैसे मस्तिष्क, हृदय और किडनी को प्रभावित कर सकता है और जानलेवा भी हो सकता है। लोगों में गर्मी से जुड़ी समस्याओं को लेकर अक्सर यह भ्रम रहता है कि हल्के लक्षणों में घरेलू उपाय पर्याप्त हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ संकेत ऐसे होते हैं जिन्हें नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। प्रोफेसर नवल ने बताया, "गर्मी से जुड़ी अधिकतर समस्याओं का घर पर ही इलाज किया जा सकता है लेकिन अगर किसी व्यक्ति की मांसपेशियों में बहुत ज्यादा ऐंठन हो रही हो, अत्यधिक थकान महसूस हो रही हो, तेज चक्कर आ रहे हों, व्यवहार असामान्य हो और साथ ही शरीर का तापमान लगातार बढ़ रहा हो तो ये गंभीर संकेत हैं। ऐसी स्थिति में घर पर इलाज पर्याप्त नहीं है और तुरंत अस्पताल जाना जरूरी है।" 

PunjabKesari
चक्कर, कमजोरी आने पर करें ये काम

चिकित्सकों के अनुसार गर्मी से बचाव के लिए दिनभर पर्याप्त पानी पीना चाहिए। नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी जैसे प्राकृतिक पेय काफी फायदेमंद होते हैं। विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि दोपहर 12 से तीन बजे के बीच सीधे धूप में बाहर निकलने से बचना चाहिए।  इस समस्या पर दिल्ली स्थित अपोलो स्पेक्ट्रा अस्पताल के 'सीनियर कंसल्टेंट - इंटरनल मेडिसिन', डॉ. संचयन रॉय ने कहा- "ज्यादातर समय धूप में रहकर काम करने वाले लोग हर 20-30 मिनट में पानी या तरल पदार्थ लें और तेज धूप से बचने के लिए छातों का इस्तेमाल करें, सिर को कपड़े, टोपी या गमछे से ढक कर रखना भी जरुरी है। अगर चक्कर, कमजोरी या ज्यादा पसीना आ रहा हो तो तुरंत काम रोककर आराम करें और पानी पिएं।" भीषण गर्मी का असर हर किसी पर पड़ता है लेकिन बच्चे कुछ ज्यादा संवेदनशील होते हैं। स्कूल से घर लौट रहे छठी कक्षा के छात्र रेयांश सिन्हा को एक और ही चिंता सता रही है। उसका कहना था," मुझे डर लगता है कहीं आने वाले कुछ सालों में हालात ऐसे न हो जाएं कि घर के बाहर कदम रखने पर सूरज के ताप से शरीर ही जल जाए।" 


खाने-पीने को लेकर डॉक्टरों ने दी खास सलाह

डॉ. राय ने बताया कि बच्चों और बुजुर्गों में शरीर का तापमान नियंत्रित करने की क्षमता कम होती है, इसलिए ये जल्दी निर्जलीकरण या हीट स्ट्रोक का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पहले से हृदय, किडनी या डायबिटीज जैसी बीमारियां हैं, उन्हें भी ज्यादा खतरा रहता है। इन सभी लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स,ऋषिकेश) की आहार विशेषज्ञ डा. अनु अग्रवाल ने बताया- '' इस मौसम में हल्का और सुपाच्य भोजन लें। फल, सलाद, दही, छाछ, नारियल पानी, नींबू पानी, सत्तू, आम पन्ना और बेल का शरबत जैसी चीजें शरीर को ठंडक देती हैं और हाइड्रेट रखती हैं।' चूंकि गोंद कतीरा और चिया सीड्स काफी मात्रा में पानी सोखते हैं, इसलिए गर्मियों में इन्हें अपनी डाइट में शामिल करने से शरीर को लंबे समय तक तरोताजा रखने में मदद मिलती है। इसके विपरीत, तैलीय और मसालेदार भोजन पाचन प्रक्रिया को धीमा कर देता है और शरीर में अतिरिक्त गर्मी पैदा करता है।'' कई लोगों को खाने के बाद भारीपन और मतली महसूस होती है। इसलिए इस मौसम में हल्के, ताजे और घर में बने भोजन को ही प्राथमिकता दें ताकि शरीर संतुलित और स्वस्थ बना रहे।'' 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static