मोटापा आंखों से दिल तक कर रहा अटैक! स्टडी में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 03:22 PM (IST)
नारी डेस्क: आज के समय में बड़ी संख्या में लोग मोटापा (Obesity) की समस्या में जूझ रहे है। मोटापा एक ऐसी जटिल चिकित्सीय स्थिति है, जिसमें शरीर में आवश्यकता से अधिक वसा (Fat) जमा हो जाती है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होती है। मोटापा हमारे शरीर का सिर्फ आकार ही नहीं बदलता, ये धीरे-धीरे हमारे शरीर के अंगों को भी नुकसान पहुंचाता है। इस बात का खुलासा कानपुर मेडिकल कॉलेज की स्टडी में हुआ है। जिसे जानकर आप सब चौंक जाएंगे।
क्या कहती है स्टडी?
कानपुर के GSVM Medical College में हुई एक स्टडी में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। यहां के मेडिसिन विभाग के सीनियर डॉक्टर एसके गौतम ने 196 मरीजों पर शोध किया, जिसमें सामने आया कि मोटापा आंखों, किडनी, लीवर और दिल पर असर डाल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, कई लोगों का वजन बढ़ता है तो वो इसे सामान्य मान कर नजरअंदाज कर देते हैं। जिसके बाद आगे चलकर ये एक बड़ी समस्या का कारण बन जाता है।

इन बीमारियों से जुझ रहे थे लोग
ये रिसर्च करीब डेढ़ साल तक चली है। इसमें जिन लोगों पर ये स्टडी की गई। उनमें मरीजों का बॉडी मास इंडेक्स यानी बीएमआई तय मानक से ज्यादा मिला। इसका मतलब था कि शरीर में जरूरत से ज्यादा फैट जमा हो चुका था और इसका असर सेहत पर दिखने लगा था। रिसर्च में पाया गया कि 37 प्रतिशत मरीजों की किडनी प्रभावित थी। 23.38 प्रतिशत लोगों में आंखों से जुड़ी दिक्कतें शुरू हो चुकी थीं और 55% लोग ऐसे थे, जिनमें हाई ब्लड प्रेशर की समस्या बहुत ज्यादा थी।
समय रहे करें बचाव
डॉक्टरों के अनुसार, मोटापा एक साइलेंट किलर की तरह होता है। ये धीरे-धीरे हमारे शरीर पर बुरा असर करने लगता है। मोटापा शरीर में सूजन, ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल बढ़ाता है। यही वजह है कि धीरे-धीरे दिल, किडनी और आंखों पर असर पड़ने लगता है। उनका कहना है कि मरीजों को समय-समय पर अपनी जांच करा लेनी चाहिए। स्टडी में पाया गया कि जिन मरीजों की समय पर जांच हुई, उन्हें शुरुआती स्तर पर इलाज दिया गया। दवाएं, खानपान में बदलाव, वजन कम करने की सलाह और नियमित जांच से काफी मरीजों की हालत में सुधार हुआ। कई मरीज पूरी तरह सामान्य स्थिति में लौट आए। उन्होंने कहा कि अगर वजन तेजी से बढ़ रहा है, थकान रहती है, सांस फूलती है या ब्लड प्रेशर बढ़ा रहता है, तो इसे हल्के में न लें बल्कि तुरंत जांच कराएं और समय रहते अपनी समस्या का हल कराएं।

