गर्मी में झुलस गई स्किन? अपनाएं डॉक्टर के बताएं ये उपाय, गुलाब की तरह खिल जाएगा चेहरा
punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 09:25 AM (IST)
नारी डेस्क: भारत के कई राज्यों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। तेज धूप, पसीना और बढ़ता तापमान हमारी त्वचा पर सीधा असर डालता है। कई लोगों को इस दौरान स्किन झुलसी हुई, काली या बेजान नजर आने लगती है। खासकर दोपहर की धूप में बाहर निकलने पर त्वचा पर जलन, लालपन और टैनिंग की समस्या बढ़ जाती है। यह केवल बाहरी असर नहीं है, बल्कि त्वचा की अंदरूनी परतों पर भी गर्मी का प्रभाव पड़ता है। अगर आपकी स्किन भी गर्मी में बेजान हो रही है तो घबराएं मत। आज हम आपको डॉक्टर के बताएं हुए कुछ अचूक उपाय बताएंगे। जिससे आप अपनी स्किन को बेजान होने से बचा सकते है और इसे ग्लोइंग बना सकते है।
त्वचा झुलसने के कारण?
पहले तो यह समझना जरूरी है कि स्किन क्यों झुलसती है और इससे कैसे बचाव किया जा सकता है। बता दें कि सूरज से निकलने वाली UV (Ultraviolet) किरणें त्वचा के लिए सबसे बड़ा खतरा होती हैं। ये त्वचा की ऊपरी परत को नुकसान पहुंचाकर उसे जला देती हैं, जिससे सनबर्न और टैनिंग होती है। वहीं, गर्मियों में ज्यादा पसीना निकलने से शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इससे त्वचा सूखी और बेजान हो जाती है। पसीने के साथ धूल-मिट्टी त्वचा पर जमा हो जाती है, जिससे पोर्स बंद हो जाते हैं और स्किन डैमेज होने लगती है। इस समय लू भी बहुत चल रही है, जो त्वचा की नमी को खत्म कर देती है, जिससे स्किन रूखी और संवेदनशील हो जाती है।

डॉक्टर के अनुसार ऐसे करें Skin Care
स्किन एक्सपर्ट के अनुसार, गर्मी के दौरान शरीर में पानी की कमी होना एक आम समस्या है, जिसका सीधा असर चेहरे की चमक पर पड़ता है। मशहूर स्किन एक्सपर्ट डॉ. शक्ति बसु के अनुसार, बाहर निकलते समय बीच-बीच में चेहरे पर ताजे पानी के छींटे मारते रहना चाहिए। इससे त्वचा को तुरंत ठंडक मिलती है और वह तरोताजा बनी रहती है। साथ ही, दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है ताकि शरीर अंदर से हाइड्रेटेड रहे। साथ ही उन्होंने कई और आसान उपाय बताएं है, जिन्हे अपनाकर हम अपनी स्किन को गर्मी में झुलसने से बचा सकते है।

स्किन झुलसने से बचाव के तरीके
सनस्क्रीन जरूर लगाएं: गर्मी में बाहर निकलने से 20 मिनट पहले SPF 30 या उससे ज्यादा वाला सनस्क्रीन लगाएं और हर 2-3 घंटे में दोबारा लगाएं।
शरीर को हाइड्रेट रखें: दिनभर में पर्याप्त पानी पिएं। साथ ही कुछ नेचुरल ड्रिंक्स जैसे नारियल पानी, नींबू पानी और छाछ भी पीएं। ये भी हमारी स्किन के लिए फायदेमंद हैं।

ढीले और कॉटन कपड़े पहनें: हल्के रंग के और ढीले कपड़े पहनने से शरीर को ठंडक मिलती है और स्किन सुरक्षित रहती है।
धूप से बचाव करें: सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें। जरूरत हो तो छाता, टोपी या स्कार्फ का इस्तेमाल करें।
त्वचा की सफाई रखें: दिन में 2 बार चेहरे को माइल्ड फेसवॉश से साफ करें ताकि पसीना और गंदगी हट सके।

घरेलू उपाय अपनाएं: गर्मी में स्किन को झुलसने या डार्क होने से बचाने के लिए कुछ घरेलू उपाय अपनाएं। जैसे एलोवेरा जेल, गुलाब जल और खीरे का रस त्वचा को ठंडक देते हैं और जलन कम करते हैं। इसे चेहरे पर लगा सकते है। दही और बेसन का पेस्ट बनाकर भी चेहरे पर लगाएं। इससे आपके चेहरे की टैनिंग दूर होगी।

