एंटीऑक्सीडेंट्स गुणों से भरपूर स्ट्रॉबेरी देगी कई लाभ, दिल के मरीजों के लिए फायदेमंद

punjabkesari.in Monday, Jul 11, 2022 - 11:00 AM (IST)

स्ट्रॉबेरी स्वाद के अलावा स्वास्थ्य के लिए भी बहुत ही फायदेमंद होती है। इसमें विटामिन, मिनरल्स, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स, एंटी इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं जो स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभदायक होते हैं। एक कप स्ट्रॉबेरी में 53 कैलोरीज, 1 ग्राम प्रोटीन, 12 ग्राम कार्बोहाइड्रेट, 3 ग्राम डाइटरी फाइबर, 27 मिलीग्राम कैल्शियम और 1 ग्राम आयरन की मात्रा पाई जाती है। इसके अलावा इसमें मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, पौटेशियम, विटामिन-सी और विटामिन-ई भी पाया जाता है। स्ट्रॉबेरी में नाइट्रेट नाम का पोषक तत्व पाया जाता है जो दिल को स्वस्थ रखने में सहायता करता है। स्ट्रॉबेरी का सेवन करने से आपको और भी कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं, तो चलिए जानते हैं इनके बारे में...

दिल के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद 

स्ट्रॉबेरी में पाए जाने वाले पोषक तत्व दिल के स्वास्थ्य के लिए बहुत ही फायदेमंद होते हैं। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो सारे शरीर के लिए बहुत ही लाभदायक होते हैं। स्ट्रॉबेरी में पाए जाने वाला एंथोसाइनीन और क्वेरकेटीन नामक तत्व दिल को स्वस्थ रखने में फायदेमंद होते हैं। यदि दिल के मरीज स्ट्रॉबेरी का सेवन करते हैं तो हार्ट अटैक का जोखिम कम होता है।

PunjabKesari

 ब्लड प्रेशर करें कंट्रोल 

ब्लड प्रेशर की समस्या से भी कई लोग जुझ रहे हैं। ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने के लिए आप स्ट्रॉबेरी का सेवन कर सकते हैं। इसमें पाया जाने वाला पोटैशियम ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने में सहायता करता है और स्ट्रोक के जोखिम को भी कम करने में मदद करता है। स्ट्रॉबेरी में घुलनशील फाइबर होता है जो खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करता है। इससे आपका ब्लड शुगर भी नियंत्रित रहता है। 

कैंसर से बचाव 

कैंसर जैसी बीमारी से बचने के लिए भी आप स्ट्रॉबेरी का सेवन कर सकते हैं। इसमें कैंसर थेराप्यूटिक और कैंसर प्रिवेंटिव गुण पाए जाते हैं, जो कैंसर से आपका बचाव करने में सहायता करते हैं। इसके अलावा स्ट्रॉबेरी में मौजूद केमो प्रिवेंटिव गुण कैंसर की कोशिकाओं को बढ़ने से रोकने में भी असरदार हो सकते हैं।

इम्यूनिटी करे मजबूत

इम्यून सिस्टम को मजबूत रखना भी स्वास्थ शरीर के लिए बहुत ही आवश्यक है। यदि आप इम्यूनिटी मजबूत करना चाहते हैं तो स्ट्रॉबेरी का सेवन जरुर करें। इसमें पाया जाने वाला विटामिन-सी आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में सहायता करता है।

PunjabKesari

वजन घटाने में मददगार 

स्ट्रॉबेरी का सेवन करके आप वजन भी कम कर सकते हैं। इसमें कैलोरी काफी कम मात्रा में पाई जाती है। फाइबर स्ट्रॉबेरी में भरपूर मात्रा में पाया जाता है जो आपके पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखता है। आप स्नैकस के तौर पर इसे अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इसका सेवन करने से आपका वजन कम हो सकता है।

PunjabKesari

गर्भवती महिलाओं के लिए फायदेमंद 

गर्भवती महिलाओं के लिए भी स्ट्रॉबेरी काफी फायदेमंद होती है। इसमें पाया जाने वाला फोलेट गर्भवती महिलाओं के लिए बहुत आवश्यक होता है। फोलेट जन्म दोष को दूर करने में असरदार होता है। जन्म दोष एक ऐसी समस्या होती है, जिसमें बच्चे का विकास रुक जाता है। इसके कारण शिशु को कई अन्य तरह की परेशानियों का भी सामना करना पड़ जाता है। इसलिए गर्भावस्था में महिलाओं को फोलेट खाने की सलाह दी जाती है।

PunjabKesari

दांत रखे स्वस्थ 

दांतों की चमक बढ़ाने के लिए भी आप स्ट्रॉबेरी का सेवन कर सकते हैं। यह दांतों को नैचुरल तरीके से सफेद करने में मदद करती है। इसमें पाया जाने वाला विटामिन-सी दांतों का पीलापन दूर करता है और उसमें बनने वाले एंजाइमों को भी रोकने में मदद करता है। 

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

palak

Recommended News

Related News

static