फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर: ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रहीं मशहूर Actress का निधन

punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 03:32 PM (IST)

नारी डेस्क:  मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। तेलुगु फिल्मों और टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री जया वाहिनी अब इस दुनिया में नहीं रहीं। अपनी दमदार एक्टिंग और खास पहचान बनाने वाली जया वाहिनी ने बुधवार शाम अपने पैतृक निवास विजयनगरम में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही थीं और काफी समय से उनका इलाज चल रहा था।

बचपन की दोस्त ने दी दुखद खबर

जया वाहिनी के निधन की जानकारी उनकी करीबी दोस्त और अभिनेत्री कराटे कल्याणी ने सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने भावुक पोस्ट में लिखा कि उन्होंने अपनी सहेली को बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। कल्याणी और जया बचपन की सहेलियां थीं और विजयनगरम में दोनों के घर भी पास-पास थे। इस खबर के सामने आते ही फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।

अभिनय के दम पर बनाई खास पहचान

साल 1978 में जन्मी जया वाहिनी ने संघर्ष के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने फिल्मों के साथ-साथ टीवी सीरियल्स में भी काम किया, लेकिन उन्हें असली पहचान छोटे पर्दे से मिली। जया वाहिनी को खासतौर पर नेगेटिव रोल्स के लिए जाना जाता था। उनकी आवाज, चेहरे के एक्सप्रेशंस और स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों को काफी प्रभावित करती थी। उन्होंने कई लोकप्रिय टीवी शोज और फिल्मों में काम किया। उनकी आखिरी फिल्म ‘बहिरभूमि’ थी, जबकि ‘रघुपति वेंकैया नायडू’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अहम भूमिकाएं निभाईं। सोशल मीडिया पर भी वह काफी एक्टिव रहती थीं और रील्स के जरिए फैंस से जुड़ी रहती थीं।

ये भी पढ़ें:  जाह्नवी कपूर के महंगे कपड़े: साड़ी भी होती है लाखों की, हर Outfit की अपनी खास कीमत

बीमारी और आर्थिक परेशानियों से जंग

ब्रेस्ट कैंसर के इलाज के दौरान जया वाहिनी को न सिर्फ शारीरिक बल्कि आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। इलाज के खर्च के लिए कराटे कल्याणी ने सोशल मीडिया पर मदद की अपील की थी, जिस पर कई कलाकारों और प्रशंसकों ने सहयोग किया। हालांकि, जब बीमारी ज्यादा बढ़ गई तो डॉक्टरों ने उन्हें घर ले जाने की सलाह दी। अपने जीवन के आखिरी दिन जया वाहिनी ने अपने जन्मस्थान विजयनगरम में बिताए, जहां उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

इंडस्ट्री और फैंस में शोक

जया वाहिनी के निधन से तेलुगु फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को गहरा झटका लगा है। उनके फैंस और साथी कलाकार सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उन्हें एक मजबूत कलाकार और जुझारू महिला के रूप में याद कर रहे हैं। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static