अयोध्या में बुजुर्ग मां को परिवार ने सड़क किनारे छोड़ा, घटना का VIDEO सीसीटीवी में कैद

punjabkesari.in Friday, Jul 25, 2025 - 11:20 AM (IST)

नारी डेस्क: अयोध्या, जो राम की नगरी के नाम से जानी जाती है और जहां हर कोना मर्यादा पुरुषोत्तम की भक्ति और करुणा से भरा हुआ है, वहां एक बहुत ही दुखद और शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग महिला को उनके ही परिजन रात के समय सुनसान रास्ते पर लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस इस फुटेज की मदद से मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

CCTV में कैद हुआ दर्दनाक मंजर

यह मामला अयोध्या के किशन दासपुर इलाके का है। रात के समय इलाके के एक सीसीटीवी कैमरे में दो लोगों को एक बुजुर्ग महिला को सड़क के किनारे छोड़ते हुए देखा गया। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि एक और महिला भी उनके साथ थी लेकिन कुछ ही पलों में वे सभी महिला को अकेला छोड़कर वहां से चले गए। इस दृश्य ने लोगों के दिलों को झकझोर कर रख दिया है। अयोध्या जैसे पवित्र शहर को मर्यादा का प्रतीक माना जाता है। लेकिन जब रिश्तेदार अपनी बुजुर्ग परिजनों को इस तरह अकेला और बेसहारा छोड़ देते हैं तो यह समाज के लिए बड़ा सवाल बन जाता है।

स्थानीय लोगों ने इस बुजुर्ग महिला को सड़क किनारे देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला को दर्शन नगर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं। महिला की स्थिति इतनी गंभीर है कि वह बोल भी नहीं पा रही हैं। वह अपना नाम, पता या परिवार के बारे में कोई जानकारी देने में असमर्थ हैं। इसी वजह से पुलिस के लिए अब सबसे बड़ा काम महिला की पहचान करना है।

ये भी पढ़े: एक और पति की बेरहमी से हत्या:बीवी बोली- बिस्तर पर शौहर नहीं कर पाता था संतुष्ट, कत्ल करने से पहले किया ये काम

पुलिस ने शुरू की पहचान की कोशिश

पुलिस ने घटना स्थल और आस-पास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटा ली है। उन दो लोगों की तलाश की जा रही है जिन्हें महिला को सड़क पर छोड़ते हुए कैमरे ने कैद किया है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश हो रही है कि वह महिला उन लोगों से क्या रिश्ता रखती थी और आखिरकार उसे इस हालत में क्यों छोड़ दिया गया।

पुलिस स्थानीय प्रशासन और समाजसेवी संगठनों की मदद लेकर महिला की पहचान कराने और उसके परिवार से संपर्क बनाने में लगी है। यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि बुजुर्ग महिला को सही इलाज और सुरक्षा मिले। साथ ही इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए समाज और परिवारों को अपनी सोच बदलनी होगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

PRARTHNA SHARMA

Related News

static