इस एक्ट्रेस ने अपने पति के लिए 10 साल तक छोड़ा था नॉन-वेज, खुद किया बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 04:24 PM (IST)
नारी डेस्क: टीवी और फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस अश्विनी कालसेकर ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि अपने पति मुरली शर्मा की पसंद और आदतों के कारण उन्होंने करीब 7 से 10 साल तक नॉन-वेज खाना पूरी तरह छोड़ दिया था, जबकि वह खुद मराठी परिवार से हैं और पहले मांसाहारी भोजन पसंद करती थीं।
वेजिटेरियन खाना कभी पसंद नहीं था अश्विनी को
अश्विनी ने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें वेजिटेरियन खाना कभी खास पसंद नहीं रहा। उन्होंने बताया कि उन्हें आलू के अलावा ज्यादा सब्जियां अच्छी नहीं लगती थीं। चूंकि मुरली शर्मा कट्टर वेजिटेरियन हैं, इसलिए शादी के बाद उन्होंने खुद को पति की लाइफस्टाइल के मुताबिक ढाल लिया और कई सालों तक नॉन-वेज से दूरी बनाए रखी।

मुरली शर्मा लहसुन तक नहीं खाते
इंटरव्यू के दौरान मुरली शर्मा ने भी अपनी डाइट को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि वह सिर्फ वेजिटेरियन ही नहीं हैं, बल्कि लहसुन तक नहीं खाते। इसके अलावा वह मशरूम और बेबी कॉर्न भी नहीं खाते। मुरली ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा कि यह आदतें लोगों को अजीब लग सकती हैं, लेकिन उन्हें इसी तरह का खाना पसंद है।
घर में नहीं बनता नॉन-वेज खाना
अश्विनी ने बताया कि उनके घर में कभी नॉन-वेज खाना नहीं बनता। हालांकि, वह बाहर जाकर नॉन-वेज खाना खा लेती हैं। उन्होंने यह भी साझा किया कि एक बार फिल्म ‘गोलमाल’ की शूटिंग के दौरान मुरली शर्मा को उन पर तरस आ गया था और उन्होंने खुद अश्विनी से कहा कि अब बहुत हो गया, बाहर जाकर नॉन-वेज खा लो।
ये भी पढ़ें: 45 साल की श्वेता तिवारी ने रफल स्कर्ट में दिखाया स्टाइल, लोग पूछ रहे जवान होने का राज
7–10 साल तक किया पूरा त्याग
जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने कितने समय तक नॉन-वेज नहीं खाया, तो मुरली शर्मा ने हंसते हुए बताया कि कम से कम 5 से 7 साल और शायद पूरे 10 साल तक अश्विनी ने नॉन-वेज छोड़ दिया था। उन्होंने मज़ाक में यह भी कहा कि जब प्यार थोड़ा कम हुआ, तो अश्विनी ने पति परमेश्वर के बजाय नॉन-वेज को चुन लिया।

शादी, परिवार और मातृत्व पर खुलकर बोलीं अश्विनी
अश्विनी कालसेकर ने अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनकी पहली शादी अभिनेता नितेष पांडे से हुई थी, लेकिन कुछ सालों बाद तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने 2009 में मुरली शर्मा से शादी की। उन्होंने यह भी बताया कि वह मां बनना चाहती थीं, लेकिन किडनी से जुड़ी समस्या के कारण डॉक्टरों ने प्रेग्नेंसी से मना कर दिया था। सेरोगेसी के बारे में उस समय उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं थी। अश्विनी ने भावुक होकर कहा कि शायद उनके जीवन का उद्देश्य अपने माता-पिता और सास-ससुर की सेवा करना था।
शानदार करियर की मालिक हैं अश्विनी कालसेकर
अश्विनी कालसेकर ने टीवी और फिल्मों में कई यादगार किरदार निभाए हैं। ‘कसम से’, ‘CID’, ‘शक्तिमान’, ‘झांसी की रानी’, ‘हिटलर दीदी’ जैसे टीवी शोज से लेकर ‘गोलमाल’, ‘खाकी’, ‘अपहरण’ और वेब सीरीज तक उन्होंने हर प्लेटफॉर्म पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

