पवित्र रिश्ता’ की मशहूर टीवी एक्ट्रेस ने कैंसर से हारी जंग, 38 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
punjabkesari.in Sunday, Aug 31, 2025 - 11:55 AM (IST)

नारी डेस्क: टीवी इंडस्ट्री के लिए दुखद खबर है कि लोकप्रिय एक्ट्रेस प्रिया मराठे अब इस दुनिया में नहीं रहीं। प्रिया का 38 साल की उम्र में मुंबई के मीरा रोड स्थित उनके घर पर निधन हो गया। उन्होंने कैंसर से लंबी जंग लड़ी, लेकिन अंततः उनका शरीर इलाज का जवाब नहीं दे सका। शनिवार को उन्होंने आखिरी सांस ली, जिससे उनके चाहने वाले और फैंस शॉक्ड और दुखी हैं।
कौन थीं प्रिया मराठे?
प्रिया मराठे मराठी और हिंदी टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री थीं। उन्हें सबसे ज्यादा पहचान टीवी शो "पवित्र रिश्ता" से मिली, जिसमें उन्होंने निगेटिव रोल ‘वर्शा देशपांडे’ का किरदार निभाया था। इसके अलावा प्रिया ने कई लोकप्रिय हिंदी और मराठी टीवी शोज़ में काम किया, जैसे- Char Divas Sasuche, कसम से ,कॉमेडी सर्कस के सुपरस्टार्स,उतरन,बड़े अच्छे लगते हैं,भारत का वीर पुत्र-महाराणा प्रताप ,सावधान इंडिया ,भागे रे मन ,साथ निभाना साथिया। प्रिया को खासकर निगेटिव रोल्स के लिए जाना जाता था। उनका अभिनय बहुत पसंद किया जाता था। उन्हें आखिरी बार 2023 में मराठी शो "Tuzech Mi Geet Gaat Aahe" में देखा गया था।
फिल्मों में भी किया काम
प्रिया ने फिल्मों में भी अपना नाम बनाया। उन्होंने 2008 में फिल्म "हमने जीना सीख लिया" में अभिनय किया। इसके अलावा 2017 में मराठी फिल्म "Ti Ani Itar" में भी नजर आईं।
कैंसर से जंग
कुछ साल पहले प्रिया को कैंसर की गंभीर बीमारी हुई थी। वे इलाज के बाद कुछ समय के लिए ठीक भी हो गई थीं। लेकिन फिर कैंसर फिर से उनके शरीर में फैलने लगा और उनका शरीर ट्रीटमेंट को रिस्पॉन्ड नहीं कर पाया। अंततः शनिवार को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
पर्सनल लाइफ
प्रिया ने लंबे समय से अपने बॉयफ्रेंड और पॉपुलर एक्टर शांतनु मोघे से शादी की थी। दोनों की जोड़ी टीवी इंडस्ट्री में काफी पसंद की जाती थी। प्रिया सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव थीं और उनके इंस्टाग्राम पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। उन्होंने 11 अगस्त 2024 को अपनी आखिरी पोस्ट इंस्टाग्राम पर डाली थी।