दीया मिर्जा की बेटों की परवरिश पर दो टूक बात, ‘राजा बेटा’ को जरूर सिखाएं सहमति और रिजेक्शन का मतलब

punjabkesari.in Wednesday, Sep 30, 2026 - 05:33 PM (IST)

नारी डेस्क:  बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा ने हाल ही में बेटियों की सुरक्षा और बेटों की परवरिश को लेकर एक ऐसी बात कही है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है। दिल्ली-एनसीआर और बिहार में सामने आई यौन हिंसा की घटनाओं के बीच दीया ने माता-पिता से अपील की है कि बेटियों को हर कदम पर रोकने-टोकने के बजाय बेटों को सही और गलत का फर्क समझाना ज्यादा जरूरी है। दीया ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि बच्चों की परवरिश इस तरह होनी चाहिए कि लड़के किसी को नुकसान पहुंचाने के बजाय दूसरों की इज्जत करना सीखें। उनका कहना है कि बेटों को बचपन से ही सहमति, व्यक्तिगत सीमाओं और अस्वीकृति का सम्मान करना सिखाया जाना चाहिए।

‘लड़कियों को नुकसान से बचने के लिए नहीं, ऐसे लड़के पालें जो नुकसान न पहुंचाएं’

दीया ने मंगलवार देर शाम सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें लिखा था, “लड़कियों को नुकसान से बचने के लिए बड़ा न करें। ऐसे लड़के पालें जो नुकसान न पहुंचाएं।”इसके साथ उन्होंने अभिभावकों के लिए एक लंबा संदेश भी लिखा। दीया ने बताया कि वह खुद अपने बेटे को बचपन से ही दूसरों के प्रति देखभाल, सम्मान, सहानुभूति और दयालुता का महत्व समझाने की कोशिश करती हैं। एक्ट्रेस ने कहा कि बच्चों को यह भी समझना चाहिए कि अगर सामने वाला किसी बात के लिए मना करता है तो उस फैसले का सम्मान करना जरूरी है। किसी की असहजता को समझना और उसकी सीमाओं का सम्मान करना भी परवरिश का अहम हिस्सा है।

PunjabKesari

‘ना’ का मतलब सिर्फ ना सुनना नहीं, ‘हां’ भी सहज होनी चाहिए

दीया ने अपने संदेश में सहमति को लेकर भी अहम बात कही। उनके मुताबिक, सहमति का मतलब केवल यह नहीं है कि सामने वाले ने ‘ना’ नहीं कहा। सहमति तभी मानी जानी चाहिए जब सामने वाला व्यक्ति अपनी इच्छा से और सहज होकर ‘हां’ कहे। उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति पर अपना ध्यान, प्यार या नजदीकी देने की कोई मजबूरी नहीं होनी चाहिए। अगर कोई व्यक्ति किसी रिश्ते या नजदीकी से इनकार करता है तो उस अस्वीकृति को अपमान समझना या उसे बदलने के लिए दबाव डालना सही नहीं है। दीया का कहना है कि माता-पिता को बेटों की परवरिश के दौरान इन बातों पर खुलकर बात करनी चाहिए। उनके मुताबिक, ऐसी सोच बच्चों को दूसरों की भावनाओं और सीमाओं का सम्मान करना सिखा सकती है।

खुद एक बेटे की मां हैं दीया मिर्जा

दीया मिर्जा खुद एक बेटे की मां हैं। उनके बेटे का नाम अव्यान आजाद रेखी है, जो अब 5 साल का है। दीया ने 15 फरवरी 2021 को मुंबई के बांद्रा में बिजनेसमैन वैभव रेखी से शादी की थी। दोनों की यह दूसरी शादी है। 14 मई को उनके बेटे अव्यान का जन्म हुआ था। वह समय से पहले पैदा हुआ था और करीब दो महीने तक नवजात गहन चिकित्सा कक्ष में रहा था। वैभव रेखी की पहली शादी से उनकी एक बेटी समायरा रेखी भी है। दीया की पहली शादी 2014 में उनके बिजनेस पार्टनर साहिल संघा से हुई थी। दोनों ने 2019 में तलाक ले लिया था।

ये भी पढ़ें:  गुटखा खाने वालों सावधान! इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज ,बढ़ रहा मुंह के कैंसर का खतरा

दिल्ली-एनसीआर और बिहार की घटनाओं के बीच सामने आया पोस्ट

दीया मिर्जा का यह संदेश ऐसे समय में सामने आया है, जब दिल्ली-एनसीआर में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ यौन हिंसा की कई घटनाओं को लेकर चिंता जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज के पास आस्था कुंज पार्क में 17 साल की लड़की के साथ कथित दुष्कर्म, स्वरूप नगर में नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जा रही बस में एक नाबालिग के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले सामने आए हैं। बिहार के जमुई, समस्तीपुर और बांका में भी नैतिकता के नाम पर लड़कियों के साथ कथित दुर्व्यवहार और यौन उत्पीड़न की घटनाओं की खबरें सामने आईं। इन घटनाओं के बाद महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बहस तेज हुई है।

PunjabKesari

सुप्रीम कोर्ट ने भी दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब

दिल्ली-एनसीआर में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े हालिया मामलों पर सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वतः संज्ञान लिया है। अदालत ने दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है और सार्वजनिक जगहों जैसे पार्क, सड़क और बसों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।

जल्द इस फिल्म में नजर आएंगी दीया

काम की बात करें तो दीया मिर्जा को हाल ही में ओटीटी वेब सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में देखा गया था। अब वह अभिनेता राहुल भट्ट के साथ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म में नजर आने वाली हैं। फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म 2018 में आई ‘वन्स अगेन’ की आध्यात्मिक कड़ी हो सकती है। उस फिल्म में शेफाली शाह और नीरज काबी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static