घने कोहरे ने रोकी रफ्तार! दिल्ली में 100 उड़ानें रद्द और 300 ट्रेनें घंटों लेट, सांस लेना भी हुआ मुश्किल

punjabkesari.in Monday, Dec 15, 2025 - 03:24 PM (IST)

नारी डेस्क : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह घने कोहरे (Dense Fog) ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। दृश्यता (Visibility) शून्य के करीब पहुंचने से सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। हालात इतने खराब रहे कि शहर में आवाजाही लगभग थम गई। वहीं, कोहरे के साथ-साथ दिल्ली की वायु गुणवत्ता भी बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गई, जिससे लोगों को सांस लेने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कोहरा और ‘Severe Plus’ AQI का दोहरा संकट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के लिए घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। IMD के मुताबिक, राजधानी में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे के कारण पहले से खराब वायु प्रदूषण की स्थिति और बिगड़ गई। दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘गंभीर प्लस’ श्रेणी में पहुंच गया।

अशोक विहार में AQI 500 दर्ज किया गया, जो अधिकतम आधिकारिक स्तर है।
आनंद विहार और अक्षरधाम में AQI 493 रहा।
द्वारका में AQI 469 दर्ज हुआ।
पड़ोसी शहर नोएडा में भी AQI 454 रहा, जो गंभीर से भी ऊपर की श्रेणी में आता है।
इन इलाकों में जहरीले धुएं की मोटी चादर छाई रही।

यें भी पढ़ें : किन Vitamins की कमी से होती हैं चेहरे पर झाइयां? जानें कारण, लक्षण और उपाय

हवाई और रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित

घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई और रेल सेवाओं पर देखने को मिला।
उड़ानें रद्द और लेट: दिल्ली हवाई अड्डे पर कम से कम 100 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 300 से ज्यादा उड़ानें देरी से संचालित हुईं। एयरलाइंस, खासकर इंडिगो, ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट निकलने से पहले अपनी फ्लाइट स्टेटस जरूर जांच लें।

PunjabKesari

ट्रेनें घंटों लेट: उत्तर भारत में कोहरे के कारण करीब 300 ट्रेनें देरी से चलीं, जिनमें से कई ट्रेनें कई-कई घंटों की देरी का शिकार हुईं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चेतावनी

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ‘Severe Plus’ AQI में लंबे समय तक रहने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
सुबह के समय टहलने और व्यायाम से बचें।
केवल अत्यंत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
बाहर निकलते समय मास्क पहनना अनिवार्य।
बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह।

यें भी पढ़ें : घर में लगाएं ये 7 इंडोर प्लांट्स: न मिट्टी न धूप न मेहनत, हमेशा रहेंगे ताज़ा


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static