हीरोइन बनना चाहती थीं, किस्मत ने बना दिया डांसर, फिर भी जीत रहीं लोगों का दिल
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 05:32 PM (IST)
नारी डेस्क : बॉलीवुड में पहचान बनाना आसान नहीं होता। यहां कुछ सितारे मेहनत के बावजूद गुमनाम रह जाते हैं, तो कुछ अपनी काबिलियत के दम पर अलग पहचान बना लेते हैं। ऐसी ही एक कहानी है नोरा फतेही की, जिन्होंने हीरोइन न बन पाने के बावजूद इंडस्ट्री में अपनी एक खास जगह बनाई और आज उन्हें बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन कहा जाता है। 6 फरवरी को नोरा फतेही अपना 34वां जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर जानते हैं उनके संघर्ष, मेहनत और सफलता की कहानी।
5 हजार रुपये लेकर भारत आई थीं नोरा
कनाडा में पली-बढ़ीं नोरा फतेही जब बॉलीवुड में करियर बनाने भारत आईं, तो उनके पास महज 5 हजार रुपये थे। एक इंटरव्यू में नोरा ने बताया था कि मुंबई आकर उन्होंने बेहद कठिन दिन देखे। इंडस्ट्री में जगह बनाने के लिए वह रोज कई ऑडिशन देती थीं, लेकिन बार-बार रिजेक्शन का सामना करना पड़ा।
9 लड़कियों के साथ 3BHK में गुजारे शुरुआती दिन
नोरा ने अपने स्ट्रगल के दिनों में 9 लड़कियों के साथ एक 3BHK फ्लैट में रहकर जिंदगी गुजारी। सीमित संसाधनों और अनिश्चित भविष्य के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और खुद पर भरोसा बनाए रखा।
यें भी पढ़ें : डायबिटीज वालों के लिए चमत्कारी पत्ता, जितना खाओ उतना कंट्रोल में रहेगी शुगर
पहली फिल्म से लेकर डांसिंग क्वीन बनने तक
साल 2014 में नोरा फतेही ने फिल्म ‘रोर: टाइगर्स ऑफ द सुंदरबंस’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। हालांकि उन्हें असली पहचान मिली फिल्म ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ के गाने ‘मनोहारी’ से। इसके बाद नोरा के डांस मूव्स ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
आइटम सॉन्ग्स ने बदली किस्मत
‘दिलबर दिलबर’ और ‘हाय गर्मी’ जैसे गानों ने नोरा फतेही को घर-घर में पहचान दिलाई। आज शायद ही कोई शादी या पार्टी हो, जहां उनके गानों पर लोग थिरकते न हों। भले ही उन्हें बतौर लीड हीरोइन ज्यादा फिल्में न मिली हों, लेकिन डांस के दम पर उन्होंने अपनी अलग पहचान बना ली।
यें भी पढ़ें : रिपोर्ट में हुआ खुलासा: इन दो ब्लड ग्रुप वालों को सबसे ज्यादा Heart Attack का खतरा!
इन फिल्मों में भी दिखा अभिनय
नोरा फतेही ने सिर्फ डांस ही नहीं, बल्कि अभिनय से भी दर्शकों को प्रभावित किया है। वह ‘भारत’, ‘भुज’, ‘मडगांव एक्सप्रेस’ और ‘बी हैप्पी’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।

