अरबपति अनिल अग्रवाल का लंदन वाला शानदार घर: दिल जीत लेंगी Inside तस्वीरें

punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 06:19 PM (IST)

नारी डेस्क: अनिल अग्रवाल का यह घर लंदन के सबसे महंगे और पॉश इलाके में है। यह सिर्फ लग्जरी नहीं है, बल्कि सादगी और आधुनिक तकनीक का बेहतरीन मिश्रण भी है। कांच की लिफ्ट, बटन दबाते ही बनने वाला स्विमिंग पूल और अन्य आधुनिक सुविधाओं के साथ घर में भारतीय संस्कृति का भी पूरा ध्यान रखा गया है।

ब्रिटिश स्टाइल में बनी बाहरी सजावट

घर का बाहरी हिस्सा लाल ईंटों से बना है और इसकी छत पर बड़ी कांच की खिड़कियां लगी हैं। बाहर सफेद पत्थर की गोल सीढ़ियां बगीचे तक जाती हैं। अंदर की सीढ़ियों पर लोहे की खूबसूरत डिजाइन बनी है। यह घर लग्जरी और सादगी का एक शानदार मेल दिखाता है।

आलीशान लिविंग एरिया

लिविंग रूम बहुत बड़ा और शानदार है। कमरे में सफेद और क्रीम रंगों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे यह रोशन और खुला दिखता है। छत से बड़े क्रिस्टल झूमर लटके हैं। कमरे में मखमली और आरामदायक सोफे, बड़ी खिड़कियों से प्राकृतिक रोशनी, ऊंची छतें और दीवारों पर नक्काशी इसे आधुनिक और राजसी बनाते हैं।

घर में सुंदर भारतीय मंदिर

घर में भारतीय पूजा और संस्कृति का भी पूरा ध्यान रखा गया है। मंदिर में चांदी जैसा चमकता नक्काशीदार संरचना है। मंदिर के सामने दो ऊंचे चांदी के खंभे और पर्दे लगे हैं। मंदिर के ऊपर सुंदर झूमर है। छत और दीवारों पर हल्का रंग और बारीक नक्काशी इसे शांत और पवित्र बनाती है।

शाही डाइनिंग एरिया

डाइनिंग रूम में बड़ी गहरे रंग की डाइनिंग टेबल है और चारों ओर नीले मखमली कुर्सियां रखी गई हैं। कमरे की दीवारों पर लकड़ी का सुंदर काम और क्लासिक वॉलपेपर है। बड़ी खिड़कियों पर नीले पर्दे और छत पर क्रिस्टल झूमर कमरे को और शानदार बनाते हैं। फर्श पर नक्काशीदार कालीन इसे और शाही लुक देता है।

आधुनिक और आरामदायक बेडरूम

बेडरूम में सफेद और काले रंगों की मोनोक्रोम थीम है। बीच में बड़ा आरामदायक बिस्तर रखा है। बैठने के लिए स्टाइलिश सोफे और कुर्सियां हैं। फर्श पर गहरा काला पॉलिश और सफेद कालीन कमरे को क्लासी और साफ-सुथरा लुक देता है।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें:  टाइल ड्रेंचिंग’ और वास्तु टिप्स के साथ सजाएँ अपना आशियाना

ग्लास हाउस/कंजर्वेटरी

डोम जैसी यह जगह पूरी तरह कांच से बनी है। दिन के समय यहां प्राकृतिक रोशनी भरपूर रहती है। बाहर का नजारा साफ दिखाई देता है। बीच में बड़ी गोल डाइनिंग टेबल है और चारों ओर नीले और सफेद रंग की कुर्सियां रखी गई हैं। फर्श पर काले और सफेद रंग का स्टाइलिश डिजाइन इसे और आकर्षक बनाता है।

घर में ऑफिस

निचले हिस्से में ऑफिस बनाया गया है। कमरे में गहरे रंग की लकड़ी के पैनल और ऊंची खिड़कियां हैं। बैठने के लिए आरामदायक सोफे और नक्काशीदार कुर्सियां रखी गई हैं। यह जगह प्रोफेशनल होने के साथ-साथ मेहमानों के स्वागत के लिए भी शानदार है।

PunjabKesari

बैंक्वेट हॉल और इनडोर स्विमिंग पूल

घर की सबसे खासियत इसका मैजिक स्विमिंग पूल है। बटन दबाते ही फर्श नीचे चला जाता है और बैंक्वेट हॉल तुरंत इनडोर स्विमिंग पूल में बदल जाता है। पूल के चारों ओर आरामदायक सोफे हैं। दीवारों को सुंदर फूल और क्रिएटिव पैनल से सजाया गया है। यह एरिया बहु-उपयोग के लिए बनाया गया है। अनिल अग्रवाल का यह लंदन वाला घर सिर्फ लग्जरी नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति और आधुनिक डिजाइन का बेहतरीन संगम है। हर कोने में उनके मेहनत और सफर की झलक मिलती है। यह घर उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो अपने घर में शांति, संस्कृति और लग्जरी का मिश्रण चाहते हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static