बार-बार पेट फूलना गैस नहीं इस बीमारी की है निशानी, Bloating को खत्म करने के देसी उपाय
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 01:09 PM (IST)
नारी डेस्क: पेट फूलना (Bloating) अक्सर गैस, ओवरईटिंग या पाचन की छोटी समस्या के कारण होता है। लेकिन कुछ मामलों में यही ब्लोटिंग किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकती है। एक सर्जन के अनुसार, अगर ब्लोटिंग “रफ” यानी असामान्य और दर्दनाक महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। यहां जानिए ऐसे 7 संकेत, जब ब्लोटिंग एक मेडिकल इमरजेंसी बन सकती है।

Bloating के 7 खतरनाक संकेत
अचानक और बहुत तेज पेट फूलना: अगर आपका पेट अचानक बहुत ज्यादा फूल जाए और पहले कभी ऐसा अनुभव न हुआ हो, तो यह आंतों में रुकावट (intestinal obstruction) या गंभीर संक्रमण का संकेत हो सकता है।
तेज और लगातार पेट दर्द: साधारण गैस में हल्का दर्द होता है, लेकिन अगर दर्द तेज, चुभने वाला और लगातार बना रहे, तो यह अपेंडिक्स, पैंक्रियाटाइटिस या आंतों की समस्या का संकेत हो सकता है।
उल्टी और मतली के साथ ब्लोटिंग: अगर पेट फूलने के साथ बार-बार उल्टी हो रही है, तो यह पाचन तंत्र में रुकावट या फूड पॉइजनिंग जैसी गंभीर समस्या हो सकती है।
पेट छूने पर सख्त और दर्दनाक लगे: अगर पेट बहुत सख्त (hard) महसूस हो और छूने पर दर्द बढ़ जाए, तो इसे “rigid abdomen” कहा जाता है। यह अंदरूनी सूजन या इंफेक्शन का संकेत हो सकता है, जो इमरजेंसी है।
गैस या मल पास न होना: अगर लंबे समय तक गैस या स्टूल पास नहीं हो रहा और पेट फूल रहा है, तो यह आंतों में ब्लॉकेज का संकेत हो सकता है, जिसे तुरंत इलाज की जरूरत होती है।
तेजी से वजन घटना या भूख कम होना: अगर लगातार ब्लोटिंग के साथ वजन कम हो रहा है या भूख खत्म हो रही है, तो यह किसी गंभीर बीमारी (जैसे आंत या पेट से जुड़ी समस्या) का संकेत हो सकता है।
बुखार या खून आना: अगर पेट फूलने के साथ बुखार, मल में खून या काले रंग का स्टूल दिखे, तो यह संक्रमण, अल्सर या आंतों की गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है।
नॉर्मल (सामान्य) ब्लोटिंग कैसी होती है?
ये आमतौर पर खाने-पीने या लाइफस्टाइल से जुड़ी होती है। इसके संकेत खाना खाने के बाद पेट फूलना, डकार या गैस पास होने के बाद राहत मिलना, हल्का या सहने योग्य दर्द, कभी-कभी होता है, रोज नहीं। ज्यादा तैलीय, मसालेदार या बाहर का खाना खाने के बाद बढ़ना कब्ज या ओवरईटिंग से जुड़ा होना। यह सब पाचन से जुड़ी सामान्य समस्या है और आमतौर पर खतरनाक नहीं होती।

ब्लोटिंग (पेट फूलना) से तुरंत राहत पाने के घरेलू उपाय
अजवाइन + काला नमक: ½ चम्मच अजवाइन में चुटकीभर काला नमक मिलाकर गुनगुने पानी के साथ लें। गैस और पेट दर्द में तुरंत राहत देता है
नींबू पानी (गुनगुना): एक गिलास गुनगुने पानी में आधा नींबू निचोड़कर पिएं। पाचन तेज करता है और पेट हल्का करता है
सौंफ या जीरा पानी: 1 चम्मच सौंफ या जीरा उबालकर पानी पिएं। गैस, एसिडिटी और ब्लोटिंग कम करता है
अदरक का सेवन: कच्चा अदरक चबाएं या अदरक की चाय पिएं। पेट की सूजन और गैस को कम करता है
हल्की वॉक या योग: खाना खाने के बाद 10-15 मिनट टहलें, पवनमुक्तासन जैसे योग करें। इससे गैस पास होने में मदद मिलती है
हीट (गर्म सिकाई): पेट पर हल्की गर्म पानी की बोतल रखें, दर्द और भारीपन तुरंत कम होता है।
छाछ (बटरमिल्क): छाछ में भुना जीरा और काला नमक मिलाकर पिएं, पाचन को सुधारकर गैस कम करता है
ध्यान रखने वाली बात
अगर ब्लोटिंग के साथ तेज दर्द हो, पेट बहुत सख्त और सूजा हुआ लगे, उल्टी, बुखार या खून आए, कई घंटों तक गैस/मल पास न हो तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं। ध्यान रखें कि साधारण ब्लोटिंग आम है, लेकिन अगर यह “रफ”, दर्दनाक और लंबे समय तक बनी रहे, तो इसे हल्के में न लें। समय पर जांच और इलाज आपकी जान बचा सकता है।

