टीपॉट वाला सोफा, शतरंज खेलता ऑक्टोपस और ‘सपना या हकीकत?’... ऐसा है बिग बॉस 20 का नया जादुई घर

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 03:16 PM (IST)

नारी डेस्क:  छोटे पर्दे के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ का 20वां सीजन शुरू होने से पहले ही सुर्खियां बटोर रहा है। शो में कौन-कौन से कंटेस्टेंट नजर आएंगे, इसे लेकर जहां लगातार कयास लगाए जा रहे हैं, वहीं अब दर्शकों को उस घर की पहली झलक भी मिल गई है जहां अगले कई हफ्तों तक ड्रामा, दोस्ती, झगड़े और गेम की नई-नई चालें देखने को मिलेंगी। इस बार मेकर्स ने ‘बिग बॉस 20’ के घर को सिर्फ खूबसूरत और लग्जरी बनाने पर ध्यान नहीं दिया है, बल्कि इसकी पूरी डिजाइन एक अलग ही दुनिया का एहसास कराती है। घर की थीम ‘डुएलिटी’ यानी दोहरापन और कल्पना बनाम हकीकत के विचार पर आधारित है। यहां रोजमर्रा की चीजें भी ऐसे अंदाज में दिखाई गई हैं कि पहली नजर में उन्हें पहचानना तक मुश्किल हो सकता है।

घर में कदम रखते ही दिखेगा अलग ही जादू

‘बिग बॉस 20’ का नया घर किसी फैंटेसी वर्ल्ड से कम नहीं लगता। घर के इंटीरियर में ऐसी चीजों का इस्तेमाल किया गया है जो सामान्य तौर पर एक जगह नजर नहीं आतीं। डिजाइन के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई है कि जो चीज जैसी दिखाई दे रही है, जरूरी नहीं कि वह वास्तव में वैसी ही हो।
घर के हर हिस्से में डुअलिटी का यह कॉन्सेप्ट नजर आता है। कहीं फर्नीचर का आकार चौंकाता है, तो कहीं किसी सामान्य चीज को बिल्कुल नए रूप में पेश किया गया है। यही वजह है कि इस बार घर खुद शो के सबसे दिलचस्प हिस्सों में से एक नजर आ रहा है।

टीपॉट बना विशाल सोफा

घर के सबसे अनोखे डिजाइन एलिमेंट्स में से एक है टीपॉट वाला सोफा। आमतौर पर किचन में नजर आने वाली बड़ी केतली को इस तरह डिजाइन किया गया है कि वह एक विशाल सोफे का हिस्सा बन गई है। टीपॉट से चाय निकलती हुई दिखाई देती है और उसके नीचे कंटेस्टेंट्स के बैठने के लिए जगह बनाई गई है। यानी घर में जो चीज देखने में सिर्फ सजावट लगती है, वह असल में बैठने की जगह भी है। यही इस सीजन की थीम को सबसे अच्छे तरीके से सामने लाता है।

शतरंज खेलता ऑक्टोपस भी खास आकर्षण

घर के डिजाइन में ऑक्टोपस को भी एक खास जगह दी गई है। लेकिन यह कोई सामान्य ऑक्टोपस नहीं है। उसके टेंटेकल्स में शतरंज के मोहरे नजर आते हैं, जो बिग बॉस के खेल की रणनीति और दिमागी चालों की ओर इशारा करते हैं। शतरंज के मोहरों के साथ ऑक्टोपस का यह डिजाइन इस बात का प्रतीक माना जा रहा है कि घर के अंदर हर कंटेस्टेंट को अपनी चाल सोच-समझकर चलनी होगी। कौन किसका साथ देगा और कब गेम पलटेगा, यह कहना आसान नहीं होगा।

जमीन पर उतर आया हॉट-एयर बैलून

लाउंज एरिया में भी डिजाइन का अनोखा अंदाज देखने को मिलता है। आसमान में उड़ता हुआ हॉट-एयर बैलून यहां जमीन पर उतरकर एक खूबसूरत बैठक में बदल गया है। इसे इस तरह तैयार किया गया है कि यह आरामदायक बैठने की जगह होने के साथ-साथ पूरे इंटीरियर का आकर्षण भी बढ़ाता है।
यह एलिमेंट भी घर की फैंटेसी थीम के साथ अच्छी तरह जुड़ता है, जहां आम चीजें अपनी पहचान बदलकर किसी दूसरे रूप में नजर आती हैं।

PunjabKesari

नल से पानी नहीं, बहते दिखेंगे फूल

किचन के पास लगाया गया एक खास नल भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। आम नल की तरह इसमें पानी बहता हुआ नहीं दिखेगा, बल्कि इसकी डिजाइन ऐसी है कि उसमें से खूबसूरत फूल निकलते नजर आते हैं।यह छोटा-सा डिजाइन एलिमेंट घर के पूरे जादुई और फैंटेसी लुक को और मजबूत करता है। घर के अलग-अलग हिस्सों में इसी तरह की कई चीजें रखी गई हैं, जो पहली नजर में दर्शकों को हैरान कर सकती हैं।

दीवारों पर बड़ी-बड़ी आंखें रखेंगी नजर

बिग बॉस के घर में कैमरों की नजर से कोई नहीं बच सकता, यह बात तो हर सीजन में देखने को मिलती है। लेकिन इस बार मेकर्स ने इसे घर के डिजाइन का हिस्सा भी बना दिया है। कई दीवारों पर बड़ी-बड़ी आंखें बनाई गई हैं। इन आंखों का डिजाइन यह एहसास कराता है कि घर में रहने वाले कंटेस्टेंट्स पर हर समय नजर है। इससे ‘बिग बॉस’ की निगरानी वाली थीम को एक विजुअल रूप भी मिल जाता है।

PunjabKesari

‘रूम नंबर 20’ का क्या है राज

इस बार घर का सबसे बड़ा सस्पेंस ‘रूम नंबर 20’ को लेकर बना हुआ है। मेकर्स ने इस कमरे को फिलहाल सीक्रेट रखा है और इसके अंदर क्या है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। इस कमरे का राज 6 सितंबर को शो के प्रीमियर के दौरान खुलने की उम्मीद है। इसके बाद ही पता चलेगा कि यह कमरा आखिर किस काम आने वाला है। फिलहाल सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि यह एविक्ट होने वाले कंटेस्टेंट्स से जुड़ा कोई सीक्रेट एरिया हो सकता है या फिर यहां से गेम में कोई बड़ा ट्विस्ट देखने को मिल सकता है।

PunjabKesari

‘ड्रीमस्केप’ की तरह डिजाइन किया गया है पूरा घर

घर की थीम को लेकर आर्ट डायरेक्टर वर्षा जैन ने बताया कि इस बार मकसद सिर्फ एक खूबसूरत घर तैयार करना नहीं था, बल्कि ऐसी दुनिया बनाना था जो लोगों की सोच को लगातार चुनौती देती रहे। उनके मुताबिक ‘डुएलिटी’ के कॉन्सेप्ट के जरिए जानी-पहचानी चीजों को एक अलग नजरिए से दिखाने की कोशिश की गई है। टीपॉट का सोफा बन जाना, ऑक्टोपस का शतरंज खेलना और हॉट-एयर बैलून का बैठक में बदल जाना इसी सोच का हिस्सा है। दीवारों पर बनी आंखें इस बात को दर्शाती हैं कि इस घर में कुछ भी पूरी तरह छिपा नहीं है। पूरा घर एक ऐसे ‘ड्रीमस्केप’ की तरह तैयार किया गया है, जहां कल्पना और हकीकत दोनों एक साथ दिखाई देते हैं।

6 सितंबर से शुरू होगा बिग बॉस 20

सलमान खान एक बार फिर ‘बिग बॉस’ की कमान संभालते नजर आएंगे। ‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होने वाला है। शो के कंटेस्टेंट्स और उनके गेम के साथ-साथ इस बार घर का अनोखा डिजाइन भी दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण रहने वाला है। दर्शक ‘बिग बॉस 20’ को ओटीटी पर जियोहॉटस्टार पर रात 9 बजे देख सकेंगे, जबकि टीवी पर यह शो कलर्स चैनल पर रात 10:30 बजे प्रसारित होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस जादुई घर के अंदर पहुंचने के बाद कंटेस्टेंट्स को असली चुनौती गेम से मिलती है या फिर घर का भ्रम ही उनकी सोच को सबसे ज्यादा उलझाता है।
   
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static