दर्दनाक हादसा, मुंडन के दौरान गंगा में डूबे 6 लोग, 4 की मौत
punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 04:39 PM (IST)
नारी डेस्क: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने एक परिवार की खुशी को मातम में बदल दिया। मुंडन संस्कार के दौरान गंगा नदी में स्नान करते समय एक ही परिवार के कई लोग पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को बचा लिया गया। आइए जानते हैं यह घटना कैसे हुई क्या हैं इसके पीछे की वजह।
हादसे के वक्त गंगा घाट पर मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, फेफना थाना क्षेत्र के कल्याणीपुर गांव के रहने वाले वशिष्ठ चौहान के परिवार में मुंडन संस्कार का आयोजन था। इस कार्यक्रम के लिए परिवार और रिश्तेदार बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर घाट (ब्यासी) पहुंचे थे। पूजा-पाठ और रस्मों के बाद जब लोग गंगा स्नान कर रहे थे, तभी अचानक कुछ लड़कियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।

चार लोगों की दर्दनाक मौत, परिवार में मातम
उन्हें बचाने के लिए दो युवक भी तुरंत नदी में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे भी खुद को संभाल नहीं पाए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और किसी तरह एक लड़की और एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि बाकी चार लोग पानी में लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। बाद में एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय गोताखोरों ने चारों लोगों के शव नदी से बाहर निकाल लिए। मृतकों की पहचान हर्षिता (17) और नंदिता (12), जो गड़वार थाना क्षेत्र के रामपुर भोज की रहने वाली थीं, के रूप में हुई है। इसके अलावा गाजीपुर जिले के खिलाड़ी महेशपुर गांव के रहने वाले अर्जुन चौहान (19) और अरुण चौहान (20) की भी इस हादसे में मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नदियों और घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

