Bigg Boss 20 में मैरी कॉम का दर्दनाक खुलासा, बोलीं- मैं अपनी जान देना...

punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 01:27 PM (IST)

नारी डेस्क : छह बार की वर्ल्ड चैंपियन और ओलंपिक मेडलिस्ट मैरी कॉम ने अपनी जिंदगी के उस दौर को याद किया, जब वह अंदर से पूरी तरह टूट गई थीं। Bigg Boss 20 के घर में एक भावुक बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि एक समय उनके मन में अपनी जिंदगी खत्म करने का ख्याल आया था। मैरी के मुताबिक, उस मुश्किल वक्त में उनके छोटे बच्चे उनके लिए जीने की बड़ी वजह बने। उनकी इस बात ने उनके संघर्ष और मजबूत दिखने वाली छवि के पीछे छिपे भावनात्मक दर्द की एक अलग तस्वीर सामने रखी।

मैरी कॉम ने सुनाई जिंदगी के मुश्किल दौर की कहानी

मैरी कॉम को Bigg Boss 20 के घर में ईशा रिखी, ऋति तिवारी और कनिका मान के साथ अपनी जिंदगी और संघर्षों के बारे में बात करते देखा गया। बातचीत के दौरान वह अपने भावनात्मक सफर को याद करते हुए काफी भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि रिंग में खुद को मजबूत रखने वाली मैरी भी जिंदगी के एक दौर में बेहद कमजोर महसूस करने लगी थीं। उन्होंने कहा कि वह बहुत मजबूत हैं, लेकिन उस समय वह टूट गई थीं और उनके ऊपर बहुत कुछ था। इसी दौरान मैरी ने अपनी जिंदगी खत्म करने के विचार का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मैं अपनी जान देना चाहती थी... यही सोच रही थी। लेकिन मैं आज भी अपने बच्चों के लिए जिंदा हूं। वे छोटे थे।

PunjabKesari

परिवार और देश के लिए किए कई त्याग

मैरी ने अपने बचपन से लेकर बॉक्सिंग करियर तक के संघर्षों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में बहुत कुछ देखा है और अपने परिवार, राज्य और देश के लिए कई तरह के त्याग किए हैं। उनकी बातों से यह भी जाहिर हुआ कि उनके लिए बॉक्सिंग सिर्फ एक खेल नहीं रही, बल्कि उनके जीवन के संघर्षों का भी हिस्सा रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के दौरान उन्होंने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन इसके साथ निजी जिंदगी में भी कई मुश्किल दौर का सामना किया।

यें भी पढ़ें : ब्रेस्ट कैंसर के छिपे संकेत: सिर्फ गांठ नहीं, इन शुरुआती लक्षणों को भी न करें नजरअंदाज

आज भी मेडल जीतने की भूख है

मैरी ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि उनके अंदर आज भी कुछ और हासिल करने की इच्छा है। उन्होंने बताया कि एक, दो या तीन मेडल भी उनके लिए पर्याप्त नहीं रहे और उनके अंदर अभी भी आगे बढ़ने की भूख है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उम्र अधिक होने की वजह से अब वह प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले सकतीं। इसके बावजूद उनकी बातों से यह साफ दिखा कि खेल के प्रति उनका जुनून आज भी कायम है।

‘मैं बहुत रोई हूं...’

बातचीत के एक और भावुक हिस्से में मैरी ने अपनी भावनाओं को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि वह जिंदगी में बहुत रो चुकी हैं और अब धीरे-धीरे अपने आंसुओं को भीतर रोकना सीख रही हैं। उनका यह बयान उनके उस भावनात्मक संघर्ष की ओर भी इशारा करता है, जिसके बारे में उन्होंने पहली बार इतनी खुलकर बात की। एक सफल खिलाड़ी के तौर पर दुनिया के सामने मजबूत नजर आने वाली मैरी ने इस बातचीत में अपने कमजोर और भावुक पक्ष को भी साझा किया।

यें भी पढ़ें : सीने में दर्द ही नहीं, ये लक्षण भी देते हैं दिल की धमनियों में ब्लॉकेज के संकेत

छह बार की वर्ल्ड चैंपियन हैं मैरी कॉम

मणिपुर से आने वाली मैरी कॉम भारत की सबसे चर्चित महिला बॉक्सरों में शामिल हैं। वह छह बार की वर्ल्ड चैंपियन हैं और 2012 लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। मैरी कॉम और उनके पूर्व पति ओन्लर कॉम के चार बच्चे हैं। अपने इस खुलासे में मैरी ने यह बताया कि उनके जीवन के उस बेहद कठिन दौर में उनके छोटे बच्चे उनके लिए आगे बढ़ते रहने की एक अहम वजह बने।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static