53 की उम्र में अर्जुन रामपाल ने रचाई दूसरी शादी, दो बेटों के जन्म के बाद गर्लफ्रेंड से रचाई शादी

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 12:18 PM (IST)

नारी डेस्क:  बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल ने अपनी जिंदगी का एक नया अध्याय शुरू कर दिया है। 53 साल की उम्र में अभिनेता ने अपनी लंबे समय से पार्टनर रहीं गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स के साथ शादी रजिस्टर करा ली है। दोनों ने शुक्रवार, 21 अगस्त को गोवा में कानूनी तौर पर अपने रिश्ते को शादी का नाम दिया। खास बात यह है कि शादी से पहले ही दोनों कई सालों से साथ रह रहे थे और उनके दो बेटे भी हैं। 

गोवा में पूरी की शादी की कानूनी प्रक्रिया

अर्जुन और गैब्रिएला ने उत्तरी गोवा के मापुसा स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में शादी का रजिस्ट्रेशन कराया। इस मौके पर उनके कुछ करीबी दोस्त भी मौजूद थे। दोनों ने सादगी के साथ शादी की कानूनी प्रक्रिया पूरी की। सब-रजिस्ट्रार के मुताबिक, शादी गोवा के यूनिफॉर्म सिविल कोड के तहत रजिस्टर हुई है। दोनों करीब शाम 4 बजे रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे थे और कैजुअल अंदाज में नजर आए।  बताया गया है कि स्थानीय नियम के तहत पहली और दूसरी सिग्नेचर के बीच 15 दिन का अंतर जरूरी होता है, लेकिन कपल ने स्थानीय अदालत के असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर से विशेष अनुमति लेकर यह प्रक्रिया पूरी की। शादी का प्रमाणपत्र 15 दिन बाद दिए जाने की बात सामने आई है। 

PunjabKesari

8 साल से साथ हैं अर्जुन और गैब्रिएला

अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स की प्रेम कहानी भी काफी समय से सुर्खियों में रही है। दोनों 2018 से एक-दूसरे के साथ हैं। इतने लंबे समय तक साथ रहने के बाद अब दोनों ने अपने रिश्ते को कानूनी रूप से शादी में बदल दिया है।  दोनों ने अपने रिश्ते को कभी छिपाकर नहीं रखा। सोशल मीडिया से लेकर सार्वजनिक मौकों तक, अर्जुन और गैब्रिएला कई बार एक साथ नजर आते रहे हैं। समय के साथ उनका रिश्ता और मजबूत होता गया और दोनों ने मिलकर अपनी फैमिली भी बनाई।

शादी से पहले ही बन चुके थे दो बेटों के माता-पिता

अर्जुन और गैब्रिएला शादी से पहले ही दो बच्चों के माता-पिता बन चुके थे। उनके बड़े बेटे एरिक का जन्म 2019 में हुआ था, जबकि छोटे बेटे अरव का जन्म 2023 में हुआ। दोनों अक्सर अपने बच्चों के साथ नजर आते हैं और परिवार की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा करते रहे हैं।  इस तरह कई साल तक रिश्ते में रहने और परिवार बनाने के बाद अब दोनों ने शादी की कानूनी औपचारिकता भी पूरी कर ली है।

ये भी पढ़ें:  गोविंदा- सुनीता की शादी की चर्चा के बीच कश्मीरा शाह की Cryptic Post, बोलीं- क्या सच में होता है सच्चा प्यार

कौन हैं गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स

गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स दक्षिण अफ्रीका से ताल्लुक रखती हैं। वह मॉडल होने के साथ-साथ फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में भी काम कर चुकी हैं। अर्जुन के साथ रिश्ते में आने के बाद वह अक्सर अभिनेता के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों और सोशल मीडिया पोस्ट में नजर आती रही हैं। अर्जुन और गैब्रिएला की जोड़ी लंबे समय से बॉलीवुड की चर्चित जोड़ियों में शामिल रही है। दोनों ने अपने निजी जीवन को लेकर काफी हद तक सहज रवैया अपनाया और अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया।

PunjabKesari

अर्जुन रामपाल की यह पहली शादी नहीं है

गैब्रिएला से पहले अर्जुन रामपाल की शादी पूर्व सुपरमॉडल मेहर जेसिया से हुई थी। दोनों ने 1998 में शादी की थी। इस शादी से उनकी दो बेटियां हैं, माहिका और मायरा। करीब दो दशक साथ रहने के बाद अर्जुन और मेहर ने 2018 में अलग होने का फैसला किया था। दोनों ने आपसी सहमति से अपने रास्ते अलग किए। अलग होने के बाद भी दोनों अपनी बेटियों की जिम्मेदारी मिलकर निभाते रहे हैं।

अब अर्जुन की जिंदगी का नया अध्याय

पहली शादी, दो बेटियों और फिर गैब्रिएला के साथ लंबे रिश्ते के बाद अर्जुन रामपाल की जिंदगी में एक और बड़ा पड़ाव आ गया है। करीब आठ साल तक साथ रहने और दो बेटों के माता-पिता बनने के बाद अब अर्जुन और गैब्रिएला कानूनी तौर पर पति-पत्नी बन चुके हैं। दोनों की शादी भले ही बेहद सादगी से हुई हो, लेकिन इस खबर ने उनके फैंस के बीच काफी उत्सुकता पैदा कर दी है।
  
 

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static