‘5 महीने में तलाक…’, बिग बॉस 20 में गुल्लू ने बताई शादी की पूरी कहानी, खोला राज
punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 01:05 PM (IST)
नारी डेस्क: सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच रिश्तों और उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर खूब बातें हो रही हैं। शो में जहां कभी दोस्ती बदलती नजर आती है, तो कभी कंटेस्टेंट्स अपनी जिंदगी से जुड़े ऐसे राज खोल देते हैं, जिनके बारे में बाहर किसी को ज्यादा जानकारी नहीं होती। अब कुशाल तंवर उर्फ गुल्लू ने अपनी शादी और तलाक को लेकर बड़ा खुलासा किया है।काजी तौकीर के साथ बातचीत के दौरान गुल्लू ने बताया कि वह शादीशुदा रह चुके हैं और अब उनका तलाक हो चुका है। उनकी बात सुनकर काजी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। इसके बाद गुल्लू ने अपनी शादी से लेकर तलाक तक की पूरी कहानी उनके साथ शेयर की।
परिवार के दबाव में की थी शादी
गुल्लू ने बताया कि उन्होंने परिवार के दबाव में शादी करने का फैसला लिया था। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में कम उम्र में शादी होना आम बात है और परिवार की वजह से उन्हें भी जल्दी शादी करनी पड़ी। गुल्लू के मुताबिक, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका। उन्होंने बताया कि शादी के करीब 5 महीने बाद ही दोनों ने तलाक लेने का फैसला कर लिया था। गुल्लू ने यह भी बताया कि उनका तलाक साल 2024 में हुआ था।
तलाक के बाद का दौर था काफी मुश्किल
अपनी जिंदगी के उस दौर को याद करते हुए गुल्लू ने बताया कि तलाक के बाद का समय उनके लिए काफी मुश्किल रहा। उन्होंने कहा कि उस वक्त वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे और उन्हें लगा कि उनकी जिंदगी में चल रहा सब कुछ बेकार हो रहा है। गुल्लू ने बताया कि उन्होंने इस रिश्ते को बचाने और हालात संभालने की कोशिश भी की थी, लेकिन एक समय के बाद उन्हें लगा कि अब आगे बढ़ना ही सही फैसला है। तलाक के बाद उन्होंने अपना ध्यान दोबारा काम और करियर पर लगाने का फैसला किया।

ये भी पढ़ें: मां को खोने के गम में टूटीं रानी मुखर्जी, सहारा देने पहुंचे आमिर खान
परिवार भी हो गया था नाराज
गुल्लू ने बताया कि उनके इस फैसले से परिवार के लोग भी उनसे नाराज हो गए थे। परिवार को लगता था कि शादी खत्म करना सही फैसला नहीं है। हालांकि, गुल्लू को उम्मीद थी कि समय के साथ चीजें बेहतर होंगी और वह अपनी जिंदगी को नए सिरे से आगे बढ़ा पाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि तलाक की पूरी स्थिति को संभालने में उन्हें करीब एक साल लग गया।

रोडीज के दौरान वायरल हुई थी शादी की फोटो
गुल्लू ने अपनी शादी की वायरल फोटो का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वह रोडीज के लिए गोवा में थे, तब किसी ने उनकी शादी की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी। उस समय उन्हें डर लगा था कि इस तस्वीर की वजह से उनका करियर भी प्रभावित हो सकता है। गुल्लू ने बताया कि उनके और उनकी पत्नी के बीच लड़ाई हुई थी, जिसके बाद दोनों ने तलाक लेने का फैसला किया था। इस पूरे मामले के बाद परिवार भी उनके खिलाफ हो गया था। गुल्लू के मुताबिक, उन्हें इस स्थिति से बाहर निकलने और चीजों को संभालने में काफी वक्त लगा। अब बिग बॉस के घर में उन्होंने खुद अपनी शादी और तलाक के बारे में बात कर इस मामले को साफ कर दिया है।
सोशल मीडिया पर गुल्लू की शादी की फोटो एक बार फिर चर्चा में आने के बाद लोगों के बीच कई तरह की बातें हो रही थीं। अब गुल्लू ने खुद अपनी कहानी सामने रखकर साफ कर दिया है कि उनकी शादी हो चुकी थी और 2024 में दोनों का तलाक भी हो गया था।

