पंजाब के हालात देखकर टूटा एमी विर्क का दिल, बेघर हुए 200 घरों को लिया गोद
punjabkesari.in Tuesday, Sep 02, 2025 - 10:05 AM (IST)

नारी डेस्क: पंजाब इस समय कुदरत की भारी मार झेल रहा है। अपने राज्य की मदद के लिए दिलजीत दोसांझ, सोनू सूद, गिप्पी ग्रेवाल, गायक करण औजला, रंजीत बावा, इंद्रजीत निक्कू जैसे कई सितारे आगे आए हैं। इसी बीच सिंगर से एक्टर बने एमी विर्क जो किया वो वाकई काबिले तारीफ है। उन्होंने बड़ा दिल दिखाते हुए 200 बाढ़ से प्रभावित परिवारों को गोद ले लिया है।
पंजाबी अभिनेता और गायक एमी विर्क ने अपने एक पोस्ट के जरिए ये ऐलान किया। उन्हाेंने लिखा- ‘पंजाब में बाढ़ से हुई तबाही देखकर हमारा दिल दुखता है। अपने लोगों को बिना छत के देखकर मैं पूरी तरह टूट गया हूं। आराम और स्थिरता लाने के अपने छोटे से प्रयास में, हम उन लोगों की मदद के लिए 200 घरों को गोद ले रहे हैं जिन्होंने अपना सब कुछ खो दिया है। यह केवल आश्रय के बारे में नहीं है - यह आशा, सम्मान और फिर से शुरुआत करने की ताकत देने के बारे में है।’
वहीं गायक सतिंदर सरताज और जसबीर जस्सी पहले से ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री पहुंचाने में जुटे हैं। पंजाब भीषण बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियों तथा मौसमी नहरें उफान पर हैं फलस्वरूप पंजाब में लोग बाढ़ की विभीषिका झेल रहे हैं। पंजाब के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति अब और बिगड़ गई है। बाढ़ से अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है और 2.56 लाख से ज़्यादा लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है।
अभिनेता संजय दत्त ने पंजाब में आई बाढ़ को ‘वास्तव में हृदय विदारक' बताया है तथा सहायता का वादा किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘... मुझसे जितना हो सकेगा, मैं सहयोग करूंगा। बाबाजी आशीर्वाद बनायें और पंजाब में सभी की रक्षा करें।'' एक्टर सोनू सूद ने कहा कि वह पंजाब के साथ खड़े हैं और जो भी इस बाढ़ से प्रभावित है, वह अकेले नहीं है। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, ‘‘ अगर आपको किसी भी तरह की मदद चाहिए, तो बेझिझक हमें संदेश भेजें? हम आपकी हर संभव मदद करने की पूरी कोशिश करेंगे। पंजाब मेरी आत्मा है। चाहे इसके लिए मुझे अपना सब कुछ देना पड़े, मैं पीछे नहीं हटूंगा। हम पंजाबी हैं। और हम हार नहीं मानते।''
दोसांझ ने गैर सरकारी संगठनों और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से गुरदासपुर और अमृतसर के 10 बाढ़ प्रभावित गांवों को गोद लिया है। ग्रेवाल ने अजनाला के बाढ़ प्रभावित इलाके में मवेशियों के लिए ट्रक भरकर चारा भेजा। औजला भी आगे आए हैं और उन्होंने कहा कि वह प्रभावित लोगों को दवाइयां, नावें, भोजन सामग्री और मवेशियों के लिए चारे से मदद कर रहे हैं। उन्होंने अपने प्रशंसकों से प्रभावित ग्रामीणों की सहायता करने का आग्रह किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा- ‘‘मैं और मेरी टीम पंजाब के साथ हैं।'' विर्क ने कहा कि वह और उनकी टीम 200 प्रभावित परिवारों की मदद करेंगे।