इलाज पर इलाज, टूटती उम्मीदें… लेकिन हिम्मत नहीं टूटी, 70 साल की उम्र में मां बनीं महिला
punjabkesari.in Saturday, Nov 29, 2025 - 03:41 PM (IST)
नारी डेस्क : गुजरात के कच्छ ज़िले से एक चौंका देने वाली और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। 70 वर्षीय जीवूबेन राबरी ने शादी के 45 साल बाद एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है। इतना ही नहीं, उनके 75 वर्षीय पति मालधारी भी इस बात को लेकर बेहद खुश हैं और दोनों दंपती पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और परिवार में जश्न का माहौल है।
IVF तकनीक से मिली खुशी
दंपती कच्छ के मोरा गांव के रहने वाले हैं। कई वर्षों तक संतान न होने के बाद उन्होंने IVF तकनीक का सहारा लिया और अंततः 70 वर्ष की उम्र में जीवूबेन ने बेटे को जन्म दिया। दोनों ने प्रेसवार्ता के दौरान गर्व के साथ अपने बेटे को दिखाया।
डॉक्टरों ने जताई थी चिंता, फिर भी नहीं छोड़ी उम्मीद
जीवूबेन और मालधारी की शादी 45 साल पहले हुई थी। इस दौरान उन्होंने कई बार इलाज कराया, लेकिन सफलता नहीं मिली। डॉक्टरों ने उम्र अधिक होने पर गर्भधारण और डिलीवरी के दौरान आने वाले गंभीर जोखिमों के बारे में आगाह भी किया था, मगर दंपती का विश्वास नहीं टूटा। उन्होंने भगवान और विज्ञान दोनों पर भरोसा करके यह कठिन सपना पूरा किया।
यें भी पढ़ें : सैनिटरी पैड की फोटो मांगने पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, पीरियड शेमिंग पर रोक के लिए जारी होंगे निर्देश
क्या जीवूबेन दुनिया की सबसे उम्रदराज मां हैं?
हालांकि जीवूबेन का दावा है कि वह दुनिया की सबसे उम्रदराज मां हैं, जिन्होंने बच्चे को जन्म दिया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 2009 में यूके की एलिजाबेथ एडिनी ने IVF के जरिए बच्चे को जन्म देकर सबसे उम्रदराज मां का रिकॉर्ड बनाया था। यूके में 50 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को IVF की अनुमति नहीं थी, इसलिए उन्हें इसके लिए यूक्रेन जाना पड़ा था।

