प्रेगनेंसी के पहले 3 महीने ना खाएं ये 7 चीजें, शिशु को देती है नुकसान
punjabkesari.in Tuesday, Feb 04, 2025 - 01:40 PM (IST)
नारी डेस्क: पहली बार मां बनने का अनुभव हर एक महिला के लिए बहुत खास होता है। हर महिला इस दौरान काफी खुश होती है लेकिन इस दौरान वो अंदर से थोड़ी डरी हुई भी रहती है। ऐसा इसलिए पहली बार मां बनते समय ऐसी कई बातें होती हैं जिनके बारे में महिलाओं को जानकारी नहीं होती। प्रेग्नेंसी के दौरान महिला का शरीर कई बदलावों से गुजरता है और उसे खास तरह की देखभाल की जरूरत होती है। प्रेग्नेंसी की पहली तिमाही (पहले 3 महीने) सबसे जरूरी होती है क्योंकि इस दौरान बच्चे का विकास शुरू होता है। इस समय कुछ चीजों से बचना बहुत जरूरी है, ताकि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ रहें। यहां हम 7 ऐसी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें गर्भावस्था की पहली तिमाही में न खाना चाहिए।
कच्चा या अधपका चिकन
कच्चे या अधपके मांस में बैक्टीरिया और परजीवी हो सकते हैं, जो आपके शरीर में प्रवेश कर सकते हैं और शिशु के लिए खतरनाक हो सकते हैं। इससे गर्भपात, इंफेक्शन या बाकी स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए, मांस खाने से पहले उसे अच्छे से पकाएं।
प्रोसेस्ड और जंक फूड
प्रोसेस्ड या पैक्ड फूड, जैसे चिप्स, कुरकुरे, बर्गर, और पिज्जा में बहुत ज्यादा सोडियम, चीनी और फैट होते हैं, जो गर्भवती महिला के लिए हानिकारक हो सकते हैं। इनका सेवन करने से वजन बढ़ सकता है और हाई ब्लड प्रेशर या शुगर जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जो शिशु के लिए भी नुकसानकारी हो सकती हैं।
चाय और कॉफी
चाय, कॉफी, सॉफ्ट ड्रिंक और एनर्जी ड्रिंक्स में कैफीन होता है। प्रेग्नेंसी में ज्यादा कैफीन का सेवन बच्चे के विकास पर असर डाल सकता है और मिसकैरेज के जोखिम को भी बढ़ा सकता है। प्रेग्नेंसी के दौरान कैफीन का सेवन सीमित करें और अगर हो सके तो इसे पूरी तरह से छोड़ें।
अल्कोहल
प्रेग्नेंसी में शराब का सेवन पूरी तरह से मना है। अल्कोहल से बच्चे के दिमाग और विकास पर गंभीर असर पड़ सकता है। इससे मानसिक और शारीरिक विकार हो सकते हैं, जैसे फेटल अल्कोहल सिंड्रोम (Fetal Alcohol Syndrome)। इसलिए, प्रेग्नेंसी में शराब से पूरी तरह से दूर रहें।
अजीनोमोटो
चाइनीज फूड में इसका सेवन बच्चे में मस्तिष्क के विकास को बहुत ज्यादा असर करता है स्ट्रीट फूड और चाइनीज फूड में अजीनोमोटो बड़ी मात्रा में इस्तेमाल किया जाता है तो ऐसे फ़ूड से बचे।
कच्चा अंडा
कच्चे अंडे में साल्मोनेला बैक्टीरिया हो सकता है, जो भोजन से जुड़ी बीमारियों का कारण बन सकता है। गर्भवती महिला के लिए यह बहुत जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए, अंडे को हमेशा अच्छे से पकाकर ही खाएं।
सॉफ्ट चीज और दूध
सॉफ्ट चीज़ (जैसे ब्र, क्रीम चीज़) और कच्चा दूध बैक्टीरिया और लिस्टेरिया से इंफेक्शन हो सकते हैं, जो शिशु के लिए बहुत खतरनाक हो सकता है। लिस्टेरिया से इंफेक्शन से बच्चे में कई समस्याएं हो सकती हैं, जैसे कि जन्मजात विकार, गर्भपात या समय से पहले जन्म। हमेशा पाश्चराइज्ड दूध और पनीर का सेवन करें।
गर्भावस्था के दौरान खानपान का खास ध्यान रखना बहुत जरूरी है। अगर आप इन सात चीजों से बचेंगी, तो आप और आपका बच्चा स्वस्थ रह सकते हैं।