सुहागरात से पहले कर लें ये Test वरना जिंदगी भर पड़ेगा पछताना!
punjabkesari.in Friday, May 02, 2025 - 09:16 PM (IST)

नारी डेस्कः शादी जिंदगी का सबसे अहम फैसला होता है। यह दो लोगों का नहीं बल्कि दो परिवारों का रिश्ता होता है इसलिए जरूरी है कि इस फैसले को बहुत सोच-समझकर लिया जाए। अक्सर लोग अपने मनपसंद जीवनसाथी को तो चुन लेते हैं लेकिन एक जरूरी चीज को नजरअंदाज कर देते हैं और वो है स्वास्थ्य जांच। इसे लेकर ज्यादातर लोग लापरवाह ही रहते हैं।
क्यों जरूरी हैं मेडिकल टेस्ट?
शादी से पहले मेडिकल टेस्ट कराना बहुत जरूरी होता है, ताकि यह पता चल सके कि किसी पार्टनर को कोई गंभीर या छिपी बीमारी तो नहीं है। कई बीमारियां ऐसी होती हैं जो शरीर में बिना लक्षण के होती हैं और आगे चलकर रिश्ते को प्रभावित कर सकती हैं। खासतौर पर वे बीमारियां जो शारीरिक संबंध के ज़रिए फैलती हैं। अगर कोई बीमारी पहले से ही है तो उसका समय पर इलाज किया जा सकता है और दूसरे पार्टनर को सुरक्षित रखा जा सकता है।
गायनेकोलॉजिस्ट और एक्सपर्ट डॉक्टर के अनुसार, “शादी केवल एक सामाजिक बंधन नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। अगर कपल्स शादी की भागदौड़ में मेडिकल टेस्ट न कर पाएं, तो कम से कम सुहागरात से पहले ये जरूरी टेस्ट जरूर करवा लें। इससे भविष्य में आने वाली समस्याओं से बचा जा सकता है।”
शादी से पहले करवाएं ये 5 जरूरी मेडिकल टेस्ट
1. सेक्सुअली ट्रांसमिटेड इंफेक्शन टेस्ट (STIs Test)
यह टेस्ट सबसे जरूरी है।
कई बार शरीर में सेक्स इंफेक्शन के लक्षण नहीं दिखते लेकिन बीमारी मौजूद होती है।
अगर किसी एक पार्टनर को STI है, तो शारीरिक संबंध से वह दूसरे में भी फैल सकता है।
इसलिए शादी या संबंध बनाने से पहले यह जांच जरूर करवाएं।
2. जेनेटिक टेस्ट (Genetic Test)
यह टेस्ट कपल्स को यह जानने में मदद करता है कि उनके बच्चों को कोई जेनेटिक बीमारी हो सकती है या नहीं।
कुछ बीमारियां जैसे थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया और सिस्टिक फाइब्रोसिस आनुवंशिक होती हैं।
यह टेस्ट खासकर तब जरूरी होता है जब फैमिली हिस्ट्री में ऐसी बीमारियां रही हों।
यह भी पढ़ेंः 9 महीने और 9 दिन ही क्यों गर्भ में रहता है बच्चा?
3. फर्टिलिटी टेस्ट (Fertility Test)
बहुत से कपल्स को यह अंदाजा नहीं होता कि उनकी फर्टिलिटी कमजोर हो चुकी है।
शादी के बाद संतान सुख की योजना से पहले यह जानना जरूरी है कि प्रजनन क्षमता सामान्य है या नहीं।
यह टेस्ट पुरुष और महिला दोनों को करवाना चाहिए।
4. मानसिक स्वास्थ्य जांच (Mental Health Test)
मानसिक और भावनात्मक रूप से स्वस्थ रहना किसी भी रिश्ते के लिए बेहद जरूरी है।
स्ट्रेस, डिप्रेशन या एंजायटी जैसी समस्याएं रिश्तों में तनाव ला सकती हैं।
अगर कोई मेंटल हेल्थ इश्यू है, तो शादी से पहले उसका इलाज जरूरी है।
5. ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल टेस्ट (Blood Sugar & Cholesterol Test)
डायबिटीज और हार्ट डिजीज जैसी बीमारियों का समय रहते पता लगाना जरूरी है।
जिन लोगों की फैमिली में इन बीमारियों का इतिहास हो, उन्हें खासतौर पर ये टेस्ट करवाना चाहिए।
इससे समय पर इलाज किया जा सकता है और आगे की जटिलताओं से बचा जा सकता है।
याद रखें ये बात
शादी सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि जिंदगीभर का साथ होता है। इसलिए जरूरी है कि हम भावनाओं के साथ-साथ स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दें। ऊपर बताए गए मेडिकल टेस्ट आपकी शादीशुदा जिंदगी को बेहतर, सुरक्षित और खुशहाल बना सकते हैं।