डायरिया होने पर तुरंत कर लें ये उपाय

punjabkesari.in Monday, May 22, 2017 - 07:03 PM (IST)

पंजाब केसरी(सेहत)- गर्मी के मौसम अपने साथ कई बीमारियों को भी न्योता देता है। ऐसे मौसम में पाचन तंत्र कमजोर हो जाता है। इस मौसम मे तला-भूना,बाजार का या बासी खाना खाने से पेट से जुडी परेशानियां होना आम बात है। बेइंतहा गर्मी के साथ अगर हाइजीन की अनदेखी में संक्रमित भोजन किया जाए तो कई बीमारियों को बुलावा हम खुद ही दे देते हैं। ऐसी स्थिति में उल्टी,एसिडिटी, पेट में जलन,अफारा के अलावा डायरिया जैसी समस्याओं का सामना भी करना पड़ता है। डायरिया होने पर उल्टी और दस्त होने लगते हैं,जिससे व्यक्ति डीहाइड्रेशन का शिकार भी हो सकता है। जरा सी लापरवाही रोगी के लिए जानलेवा  भी साबित हो सकती है। दस्त लगने के कई कारण हो सकते हैं। दूषित वातावरण,बासी खाना, गंदा पानी,अपच और खान-पान में लापरवाही। इस मौसम में जरा-सा पेट दर्द होने पर अगर लापरवाही की जाए तो परेशानी बढ़ सकती है। इस तरह के संक्रमण से खुद को बचाने के लिए कुछ खास बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है ताकि आप परिवार और अपने आप को मौसम की मार से बचा कर रख सकें। 

 

बरतें ये सावधानियां
1. गर्मी के मौसम में सर्दी के मुकाबले भूख कम लगती है। ज्यादा देर तक भूखे रहनेया पेट ज्यादा भरकर खाना खाने से दस्त होने का डर रहता है। एक बार में पेट भर कर खाने की बजाए थोड़ा-थोड़ा खाना खाएं। 

2. हल्का-फुल्का,कम मसालेदार और ताजा खाना खाने से पाचन क्रिया अच्छी रहती है। इससे पेट खराब होने का डर भी नहीं रहता। 

3. पसीना ज्यादा आने के कारण इस मौसम में पानी का भरपूर सेवन करना बहुत जरूरी है। लस्सी,ग्लूकोज,नींबू पानी,ताजा जूस और नारियल का पानी बैस्ट है। 

4. मौसमी फल और सब्जियां जैसे तरबूज,खरबूजा,खीरा,ककड़ी को भोजन में जरूर शामिल करें। इससे शरीर में पानी की पूरी हो जाती है। 

5. तला हुआ खाना, ज्यादा खट्टी या मीठी चीजें खाने से भी दस्त लगने का डर रहता है। इन चीजों से परहेज करे तो बेहतर होगा। 


डाइट का रखें ख्याल
1. चावल के पानी में कार्बोहाइड्रेट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। जो डायरिया होने पर रोगी के लिए बहुत फायदेमंद है। जब भी दस्त लगे तो चावल के पानी का सेवन करें। 

2. दस्त लगने पर रोटी खाने से परहेज करें। इससे तबीयत और भी खराब हो सकती है। मूंग दाल से बनी खिचड़ी खाने से जल्दी आराम मिलता है। 

3. दस्त होने पर लौकी का सब्जी खाना फायदेमंद होता है। इसमें पौष्टिक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं और यह पचने में भी आसान होती है। इससे शरीर में पानी की कमी भी पूरी हो जाती है। 

4. नारियल का पानी मिनरल्स से भरपूर होता है। इसकी तासीर भी ठंड़ी होती है। यह डीहाइड्रेशन से राहत दिलाता है। 

5. 1 छोटे चम्मच भूने हुए जीेर को पीस कर 1 चम्मच मिश्री के साथ खाने से पेट की जलन गायब हो जाती है। 

6. कम दूध और कम पत्ती वाली हर्बल चाय दस्त के रोगी के लिए बहुत फायदेमंद है। 

7. ईसबगोल का सेवन करने से दस्त जल्दी ठीक हो जाते हैं। दही के साथ ईसबगोल का सेवन करने से लाभ मिलता है। 

8. बेल का शर्बत दस्त रोकने में बहुत कारगर है। इसकी तासीर भी ठंड़ी होती है। 

9. दस्त को रोगी को दही में भूना जीरा और नमक मिलाकर खाने से आराम मिलता है। दही में मौजूद प्रोबायटिक गुण पेट और आंतों में मौजूद बैक्टिरिया का सफाया करता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vandana

Recommended News

Related News

static