भूख हड़ताल पर बैठे अभिजीत दीपके पर महिला ने फेंकी स्याही, थप्पड़ मारने की भी कोशिश

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 03:30 PM (IST)

नारी डेस्क: जंतर-मंतर पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब एक महिला ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर स्याही जैसी कोई चीज फेंक दी। महिला ने दीपके को थप्पड़ मारने की भी कोशिश की, इस दौरान वह समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। पुलिस की ओर से सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से अस्पताल ले जाने के कुछ घंटों पर यह घटना सामने आई। 

PunjabKesari
घटना के बाद कुछ देर के लिए कार्यक्रम बाधित हुआ और कॉजपा समर्थक मंच की ओर पहुंच गए। महिला की पहचान और उसके इस तरह के कृत्य के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। मामले में और विवरण की प्रतीक्षा है। हालांकि, पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसे हिरासत में ले लिया गया है और जांच की जा रही है। इससे पहले, दिल्ली पुलिस वांगचुक को उनके अनिश्चितकालीन अनशन के 21वें दिन शनिवार तड़के तबीयत बिगड़ने के बाद सफदरजंग अस्पताल ले गई। 

PunjabKesari
पुलिस ने कहा कि चिकित्सकीय सलाह और दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वांगचुक नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और इस विवाद के कारण कथित तौर पर कुछ छात्रों की मौत के विरोध में 28 जून से कॉजपा के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। इस कार्रवाई के बाद दीपके ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गयी कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें हिरासत में ले लिया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static