खाना खाते ही जाना पड़ता है टॉयलेट? जानें शरीर में क्या हो सकती है दिक्कत
punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 01:40 PM (IST)
नारी डेस्क : कई लोगों को खाना खाने के तुरंत बाद टॉयलेट जाने की इच्छा महसूस होती है। ऐसी स्थिति में अक्सर लगता है कि जैसे खाना सीधे पेट से बाहर निकल रहा है, लेकिन असल में ऐसा नहीं होता। इसके पीछे शरीर की एक प्राकृतिक प्रक्रिया काम करती है, जिसे Gastrocolic Reflex कहा जाता है। यह पाचन तंत्र का एक सामान्य रिफ्लेक्स है, जो आंतों को संकेत देता है कि पेट में नया भोजन पहुंच चुका है, इसलिए पुराने अपशिष्ट को बाहर निकालने की तैयारी की जाए।
क्या होता है गैस्ट्रोकोलिक रिफ्लेक्स?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, जब भोजन पेट में पहुंचता है तो पेट और बड़ी आंत के बीच एक ऑटोमैटिक कम्युनिकेशन शुरू हो जाता है। इसके जरिए नसें बड़ी आंत की मांसपेशियों को संकेत भेजती हैं, जिससे आंतों की गतिविधि बढ़ जाती है। इस प्रक्रिया के कारण कई लोगों को खाना खाने के कुछ ही मिनटों बाद मल त्याग की इच्छा महसूस हो सकती है। यह एक सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है, लेकिन हर व्यक्ति में इसका प्रभाव अलग-अलग हो सकता है।

इस प्रक्रिया में शरीर के कौन-कौन से हिस्से काम करते हैं?
गैस्ट्रोकोलिक रिफ्लेक्स के दौरान पाचन तंत्र के कई अंग एक साथ मिलकर काम करते हैं।
पेट (Stomach): भोजन को तोड़ने और पाचन प्रक्रिया की शुरुआत करता है।
बड़ी आंत (Large Intestine): भोजन से पानी सोखकर उसे ठोस अपशिष्ट में बदलती है।
एंटेरिक नर्वस सिस्टम (Enteric Nervous System): जिसे “गट ब्रेन” भी कहा जाता है, यह आंतों की गतिविधियों को नियंत्रित करता है।
इसके अलावा गैस्ट्रिन और कोलेसिस्टोकिनिन जैसे हार्मोन भी इस प्रक्रिया को सक्रिय करने में मदद करते हैं।
यें भी पढ़ें : पुरुषों की इन आदतों से महिलाओं में बढ़ रहा सर्वाइकल कैंसर का खतरा
कब ज्यादा तेज हो जाता है यह रिफ्लेक्स?
कुछ लोगों में यह रिफ्लेक्स सामान्य से ज्यादा सक्रिय हो सकता है। ऐसे में खाना खाते ही तुरंत टॉयलेट जाने की जरूरत महसूस होने लगती है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं।
जैसे तला-भुना या मसालेदार भोजन
कैफीन और शराब का अधिक सेवन
पेट में संक्रमण और मानसिक तनाव।

कुछ मामलों में यह समस्या पाचन से जुड़ी बीमारियों का संकेत भी हो सकती है,
जैसे इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (Irritable Bowel Syndrome)
डंपिंग सिंड्रोम (Dumping Syndrome)
गैस्ट्रोपेरेसिस (Gastroparesis)
सूजन आंत्र रोग (Inflammatory Bowel Disease)
इन स्थितियों में आंतें सामान्य से ज्यादा संवेदनशील हो जाती हैं और जल्दी प्रतिक्रिया देने लगती हैं।
यें भी पढ़ें : क्या इंटरकोर्स के तुरंत बाद युरिन पास करने से Pregnancy के चांस कम हो जाते हैं?
कब डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी?
अगर खाना खाने के बाद टॉयलेट जाने की समस्या कभी-कभार होती है, तो आमतौर पर यह सामान्य मानी जाती है। लेकिन अगर यह समस्या बार-बार होने लगे और इसके साथ दस्त, पेट में ऐंठन, कमजोरी या तेजी से वजन कम होने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

ऐसे करें बचाव
बहुत ज्यादा तला-भुना और मसालेदार भोजन से बचें
कैफीन और शराब का सेवन सीमित करें
संतुलित और फाइबर युक्त आहार लें
तनाव कम करने के लिए योग और नियमित व्यायाम करें।
खाना खाने के बाद टॉयलेट जाने की इच्छा होना कई बार शरीर की सामान्य प्रतिक्रिया हो सकती है। हालांकि अगर यह समस्या लगातार बनी रहती है, तो इसे नजरअंदाज करने की बजाय डॉक्टर से जांच करवाना बेहतर होता है।

