हर्निया क्या है? पेट में दिखने वाली इस गांठ को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 03:32 PM (IST)
नारी डेस्क: हर्निया एक ऐसी समस्या है, जिसमें शरीर के अंदर के अंग जैसे आंत, फैट या टिश्यूज कमजोर मसल्स की दीवार से बाहर निकल आते हैं। यह पेट या जांघ के आसपास दिखाई देती है। भारी वजन उठाने, पुरानी खांसी, कब्ज या मांसपेशियों की कमजोरी हर्निया के मुख्य कारण माने जाते हैं। हर्निया को अक्सर समय रहते पहचानना मुश्किल होता है, क्योंकि शुरुआती अवस्था में लक्षण बहुत हल्के या अस्पष्ट होते हैं। हालांकि, जब यह बढ़ जाता है, तो सर्जरी ही सबसे प्रभावी उपाय होती है।
हर्निया क्या होता है?
“जब शरीर के अंदरूनी अंग किसी कमजोरी या छेद के कारण मसल्स की दीवार को तोड़कर बाहर निकलते हैं, तो इसे हर्निया कहा जाता है। उदाहरण के तौर पर, पेट की अंदरूनी दीवार से आंत, फैट या टिश्यू बाहर निकल जाए, तो यह हर्निया कहलाता है।” हर्निया आमतौर पर पेट या ग्रोइन एरिया (जांघ और कमर के आसपास) में होता है। उम्र बढ़ने के साथ मसल्स कमजोर होने पर हर्निया धीरे-धीरे विकसित हो सकता है। यह चोट, सर्जरी या जन्मजात विकार के कारण भी हो सकता है।

हर्निया के प्रमुख कारण
भारी वजन उठाना – मसल्स पर अत्यधिक दबाव डालता है।
पुरानी खांसी या छींक – बार-बार जोर लगाने से मसल्स कमजोर हो सकते हैं।
कब्ज या पाचन समस्या – जोर लगाने से पेट की मसल्स पर दबाव बढ़ता है।
मसल्स कमजोर होना – उम्र बढ़ने या जन्मजात कमजोरी के कारण।
सर्जरी या चोट – पेट या जांघ की सर्जरी के बाद मसल्स कमजोर हो सकते हैं।
हर्निया का पता लगाने के लिए डॉक्टर अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन का इस्तेमाल करते हैं।
ये भी पढ़ें: ये 6 आदतें अनजाने में कर रही हैं आपके कान को डैमेज

हर्निया के प्रकार
इंगुइनल हर्निया (Inguinal hernia) – सबसे आम, खासकर पुरुषों में। आंत का हिस्सा जांघ के अंदरूनी हिस्से में निकल आता है।
फीमोरल हर्निया (Femoral hernia) – फीमोरल कैनाल में फैट या टिश्यू बाहर निकलते हैं, ज्यादातर महिलाओं में।
हाइटल हर्निया (Hiatal hernia) – डायफ्राम में छेद चौड़ा होने पर पेट का ऊपरी हिस्सा छाती की ओर धकेलता है।
जन्मजात डायाफ्रामिक हर्निया – जन्म के समय होता है।
नाभि हर्निया (Umbilical hernia) – नाभि के आसपास।
वेंट्रल हर्निया (Ventral hernia) – पेट की दीवार में किसी हिस्से के कमजोर होने पर।
पेरिनियल हर्निया (Perineal hernia) – पेल्विक एरिया में।
हर्निया के लक्षण
शरीर में एक उभरी हुई गांठ या उभार जो कुछ समय बाद अंदर चला जाता है। दबाव या हल्का दर्द महसूस होना। जोर लगाने, खांसने, हंसने या वजन उठाने पर गांठ बाहर आना। गंभीर मामलों में तेज दर्द और सूजन। पुरुषों में जांघ की हर्निया अंडकोष तक फैल सकती है। कभी-कभी हर्निया बिना किसी स्पष्ट लक्षण के भी मौजूद हो सकता है।

हर्निया कितना खतरनाक है?
शुरुआती हर्निया आमतौर पर गंभीर नहीं होते। यदि हर्निया छेद में फंस जाए और वापस अंदर न जाए, तो यह गंभीर स्थिति बन सकती है। फंसे हुए अंगों में ब्लड सप्लाई रुकने पर टिश्यू डेड (नेक्रोसिस) हो सकता है। समय पर सर्जरी न कराएं, तो यह जीवन के लिए खतरनाक भी हो सकता है।
हर्निया का इलाज
हल्की दवाओं और जीवनशैली में बदलाव से कंट्रोल किया जा सकता है। अधिकतर मामलों में सर्जरी की जरूरत होती है। सर्जरी में कमजोर मसल्स की दीवार को मजबूत किया जाता है और बाहर निकले अंग को सुरक्षित स्थान पर रखा जाता है। हर्निया एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या हो सकती है, खासकर जब इसे नजरअंदाज किया जाए। समय रहते डॉक्टर से सलाह लेना और सही जांच कराना जरूरी है। शुरुआती अवस्था में इसे दवाओं और जीवनशैली बदलाव से नियंत्रित किया जा सकता है, लेकिन बढ़ जाने पर सर्जरी सबसे सुरक्षित विकल्प है।

