इंसान को धोने के लिए भी आ गई अब वॉशिंग मशीन, 15 मिनट में कर देगी अच्छे से साफ
punjabkesari.in Saturday, Nov 30, 2024 - 11:31 AM (IST)
नारी डेस्क: अगर आपको नहाने में आलस आता है और मन में यही ख्याल आता है कि काश कोई मदद ही कर दे, तो अब आपका काम आसान होने वाला है। अब कपड़े ही नहीं इंसान को धोने के लिए भी वॉशिंग मशीन तैयार हो गई है। ये मशीन आलसी लोगों के लिए ही बनाई गई है जिन्हें अब खुद को साफ करने में कोई मेहनत नहीं करनी पड़ेगी।

दरअसल जापान स्थित शॉवर हेड निर्माता साइंस कंपनी अगले साल की शुरुआत में एक विशाल मानव वॉशिंग मशीन ला रही है। जापानी अखबार असाही शिंबुन की एक रिपोर्ट के अनुसार, इसे अप्रैल 2025 में शुरू होने वाले ओसाका कंसाई एक्सपो में प्रदर्शित किया जाएगा। याद हो कि साल 1970 में ओसाका कंसाइ एक्सपो में पैनासोनिक होल्डिंग्स कॉर्पोरेशन की ओर से पहली बार कपड़े धोने की मशीन लॉन्च की गई थी। अब में इंसानों को धोने या उन्हें नहलाने की मशीन पर काम हो रहा है।

इस मशीन में बेहद ही कमाल की टेक्नोलॉजी होगी। इसमें इंसान को साफ करने के लिए बड़े-बड़े एयर बबल्स की मदद से अल्ट्रासाउंड क्रिएट किया जाएगा, फिर प्लास्टिक बॉल्स की मदद से यूज़र की मसाज हो सकेगी। ये बबल्स अच्छी तरह से शरीर को साफ कर देंगे। सेंसर्स के ज़रिये यूज़र की पल्स और बायोलॉजिकल डेटा को कलेक्ट करके एआई की मदद से सही तरह से सर्विस दी जाएगी. ये कॉकपिट के शेप की होगी और इसमें गर्म पानी भरा होगा।

नया डिज़ाइन एक पारदर्शी कवर के साथ जेट फाइटर कॉकपिट जैसा होगा जो पीछे की तरफ खुलेगा। सुरक्षित और आरामदायक तापमान सुनिश्चित करने के लिए एम्बेडेड सेंसर महत्वपूर्ण संकेतों को मापेगा। इसे पहले लॉट में 1000 लोगों के लिए बनाया जाएगा, जो इसे टेस्ट करेंगे। अब लोगों को इस मशीन का बेसर्बी से इंतजार है।

