इस गर्मी करें कुछ नया ट्राई, बिना मशीन घर पर बनाएं 'मैंगो रबड़ी फालूदा'
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 12:57 PM (IST)
नारी डेस्क: गर्मी का सीजन शुरू होते ही बाजार में फलों का राजा आम छा जाता है। बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को आम खाना पसंद है। कई लोग इसे ऐसे ही खाते है और कुछ लोग मैंगो शेक पीते है और कुछ मैंगो आइसक्रीम भी खाते है। लेकिन, हर किसी के मन में होता है कि आम से कुछ नई और टेस्टी रेसिपी तैयार की जाए, जिससे मैंगो का मजा लें सके। आज हम आपको एक नई रेसिपी बताने जा रहे है, जिससे आप कुछ नया ट्राई कर सकते हैं।
शेफ कुणाल कपूर ने शेयर की रेसिपी
मशहूर शेफ कुणाल कपूर ने एक खास डेजर्ट रेसिपी शेयर की है, जिसका नाम है “मैंगो रबड़ी फालूदा”। यह एक ऐसी डिश है जिसमें रबड़ी की मिठास, आम का खट्टा-मीठा स्वाद और फालूदा का सॉफ्ट टेक्सचर एक साथ मिलता है। अगर आप घर पर ही रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बिल्कुल सही है।
मैंगो रबड़ी फालूदा बनाने के लिए जरूरी इंग्रेडिएंट्स
1. फुल फैट दूध
2. चीनी
3. इलायची पाउडर
4. गुलाब जल (वैकल्पिक)
5. पके हुए आम
6. कस्टर्ड पाउडर या कॉर्नस्टार्च
7. पानी
8. बर्फ वाला ठंडा पानी
रबड़ी बनाने का तरीका
रबड़ी बनाने के लिए सबसे पहले फुल फैट दूध को उबाल लें। इसके बाद धीमी आंच पर इसे तब तक पकाएं जब तक दूध एक चौथाई न रह जाए और गाढ़ा न हो जाए। फिर इसमें इलायची पाउडर और थोड़ा सा गुलाब जल मिलाएं। तैयार रबड़ी को ठंडा होने के लिए रख दें या फ्रिज में रख सकते हैं।

मैंगो फालूदा बनाने की विधि
पके हुए आम को काटकर मिक्सी में डालें और स्मूद प्यूरी बना लें। अब इसमें चीनी और कस्टर्ड पाउडर मिलाएं। धीरे-धीरे पानी डालते हुए इसे अच्छे से घोल लें। इस मिश्रण को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं, जब तक यह गाढ़ा न हो जाए।
फालूदा बनाने का तरीका
अगर आपके पास फालूदा मशीन है, तो इस मिश्रण को मशीन में डालकर बर्फ वाले पानी में निकालें। इससे पतले और सॉफ्ट स्ट्रिंग्स जैसे फालूदा तैयार हो जाएंगे। लेकिन, अगर मशीन नहीं है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। इस मिश्रण को एक प्लेट में पतला फैलाकर ठंडा करें और फिर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इससे भी फालूदा तैयार हो जाएगा।
सर्व करने का तरीका
मैंगो रबड़ी फालूदा को सर्व करने के लिए सबसे पहले एक गिलास में फालूदा डालें, फिर आम की प्यूरी डालें और ऊपर से ठंडी रबड़ी डालें। चाहें तो ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करें। इस तरह आपका ठंडा-ठंडा और स्वादिष्ट मैंगो रबड़ी फालूदा बनकर तैयार हो जाएगा।

