बिना केमिकल घर में रखी इन चीजों से बनाएं Face Wash, मिनटों में पाएं ग्लोइंग स्किन
punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 12:29 PM (IST)
नारी डेस्क: त्वचा की देखभाल या स्किनकेयर त्वचा के स्वास्थ्य और दिखावट को बनाए रखने और बेहतर बनाने की प्रक्रिया है। आजकल हेल्दी और ग्लोइंग स्किन पाने के लिए लोग कई तरह के महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन, इन प्रोडक्ट्स में बहुत से केमिकल मौजूद होते है, जो कई बार आपकी स्किन को काफी नुकसान पहुंचाते है। पुराने समय में तो लोग घर में रखी चीजों का इस्तेमाल करके ही, अपनी स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग बना लेते थे, जिससे उनकी खूबसूरती बरकरार रहती थी। अगर आप बार-बार अलग-अलग फेसवॉश ट्राई करके थक चुके हैं, तो अब नेचुरल उपाय अपनाने का समय है। ये न सिर्फ सस्ते होते हैं, बल्कि त्वचा के लिए सुरक्षित भी माने जाते हैं। आज हम आपको एक ऐसा आसान घरेलू फेसवॉश बता रहे हैं, जिसे आप अपनी किचन में मौजूद चीजों से ही तैयार कर सकते हैं।
घर पर नेचुरल फेसवॉश बनाने की सामग्री
2 चम्मच बेसन
1 चम्मच दही
1 चुटकी हल्दी
थोड़ा सा गुलाब जल

कैसे बनाएं फेसवॉश?
किचन में रखी इन चीजों से फेसवॉश बनाने का तरीका बहुत ही आसान है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक साफ बाउल लें। इसमें बेसन और दही डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। इसके बाद इसमें हल्दी और गुलाब जल मिलाएं। सभी चीजों को अच्छे से मिलाकर एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। ध्यान रखें कि पेस्ट न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा।
ऐसे करें इस्तेमाल
जब ये पेस्ट तैयार हो जाए तो इसे चेहरे पर लगाएं। चेहरे पर लगाने के बाद हल्के हाथों से 1-2 मिनट तक मसाज करें। ये चेहरे की गंदगी और डेड स्किन हटाने में मदद करता है। इसके बाद चेहरे को साफ पानी से धो लें और तौलिए से हल्के हाथों से पोंछ लें। यह घरेलू फेसवॉश आपकी त्वचा को नेचुरल तरीके से साफ करता है और लंबे समय तक उसे हेल्दी और ग्लोइंग बनाए रखने में मदद करता है। इसका इस्तेमाल आप हफ्ते में 3-4 बार कर सकते हैं और अपनी स्किन का ध्यान रख सकते है।

