Vivek Oberoi की गोद ली बेटी बनेंगी हीरोइन, बचपन में कैंसर से लड़ी थी जंग

punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 10:52 AM (IST)

नारी डेस्क:  बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय सिर्फ अपनी फिल्मों ही नहीं, बल्कि समाजसेवा के लिए भी जाने जाते हैं। खासकर कैंसर से जूझ रहे बच्चों की मदद करने के लिए वह कई बार आगे आ चुके हैं। अब विवेक ओबेरॉय की जिंदगी से जुड़ी एक खास खबर सामने आई है। उनकी गोद ली बेटी सहारा शाह जल्द ही एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। सहारा ने अपनी पहली फिल्म साइन करने से पहले विवेक से आशीर्वाद लिया और इसी दौरान अभिनेता काफी भावुक नजर आए।

ढाई साल की उम्र में विवेक ने लिया था गोद

सहारा शाह जब महज ढाई साल की थीं, तब वह कैंसर से जूझ रही थीं। इसी दौरान विवेक ओबेरॉय ने उन्हें गोद लिया और उनके इलाज और पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाई। वक्त के साथ सहारा ने इस मुश्किल दौर को पीछे छोड़ा और अब वह पूरी तरह कैंसर से उबर चुकी हैं। आज सहारा 22 साल की हो चुकी हैं और अपने करियर की नई शुरुआत करने जा रही हैं। खास बात यह है कि उन्होंने एक्टिंग को अपना करियर बनाने का फैसला लिया है।

PunjabKesari

एविएशन की ट्रेनिंग भी कर चुकी हैं सहारा

सहारा ने बताया कि वह अपनी एविएशन की ट्रेनिंग पूरी कर चुकी हैं। हालांकि, उनका मन अब अभिनय की दुनिया में कदम रखने का है। वह विवेक ओबेरॉय को बचपन से देखती आई हैं और उनके काम से काफी प्रभावित रही हैं। इसी वजह से उन्होंने भी एक्टिंग में अपनी किस्मत आजमाने का फैसला किया है। हाल ही में मुंबई में आयोजित कैंसर रोज डे कार्यक्रम में सहारा और विवेक ओबेरॉय साथ नजर आए। इसी कार्यक्रम में सहारा ने अपने एक्टिंग करियर से जुड़ा बड़ा ऐलान किया।

विवेक के सामने साइन की पहली फिल्म

कार्यक्रम के दौरान सहारा ने बताया कि उन्हें एक नेपाली फिल्म में लीड एक्ट्रेस का रोल मिला है। उन्होंने खास तौर पर अपनी पहली फिल्म की घोषणा विवेक ओबेरॉय के सामने करने का फैसला किया। सहारा ने कहा कि वह फिल्म साइन करने से पहले विवेक का आशीर्वाद लेना चाहती थीं, क्योंकि जब वह ढाई साल की थीं, तभी से विवेक उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बचपन से ही वह विवेक को देखती आई हैं और उनके नक्शेकदम पर चलना चाहती हैं।

PunjabKesari

ये भी पढ़ें: तमन्ना भाटिया की साड़ी में बसी ‘छठ’ की कहानी, मधुबनी कला से सजा ‘द वन’ का खास प्रमोशनल लुक

बेटी की बात सुनकर भावुक हुए विवेक

सहारा की बातें सुनकर विवेक ओबेरॉय भी भावुक हो गए। जब सहारा ने उनकी मौजूदगी में अपनी पहली फिल्म साइन की तो अभिनेता की आंखें नम हो गईं। यह पल दोनों के लिए बेहद खास रहा। सहारा ने अपने सफर के बारे में बात करते हुए यह भी माना कि विवेक ने जिंदगी में जिस मुकाम को हासिल किया है, वहां तक पहुंचना आसान नहीं है। वह खुद को अभी उस सफर की शुरुआत में मानती हैं और अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाना चाहती हैं।

कैंसर को मात देकर अब नए सफर की शुरुआत

सहारा की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने बेहद कम उम्र में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का सामना किया। उस मुश्किल दौर में विवेक ओबेरॉय उनके साथ खड़े रहे। अब बीमारी को पीछे छोड़कर सहारा अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उनकी पहली फिल्म नेपाली भाषा की बताई जा रही है, जिसमें वह मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभाएंगी। फिल्म की आधिकारिक जानकारी और रिलीज डेट का इंतजार है।

PunjabKesari

'रामायण' में नजर आएंगे विवेक ओबेरॉय

वहीं, विवेक ओबेरॉय के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह इन दिनों नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह विद्युत्जिह्व की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जो रावण के बहनोई और शूर्पणखा के पति हैं।  फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है और इसका पहला भाग दिवाली 2026 के मौके पर रिलीज होने की चर्चा है।
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static