'राइज एंड फॉल 2': गौतम गुलाटी बने रूलर, बेटी की याद में फूट-फूटकर रोईं स्वरा भास्कर
punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 03:12 PM (IST)
नारी डेस्क : अमेजन प्राइम वीडियो का रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' इन दिनों लगातार चर्चा में बना हुआ है। हर एपिसोड के साथ शो में नए टास्क, बदलते समीकरण और रिश्तों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं। एपिसोड 8 भी ड्रामा, मस्ती और इमोशनल पलों से भरपूर रहा। जहां गौतम गुलाटी ने अपनी परफॉर्मेंस से रूलर की जगह हासिल की, वहीं बेटी राबिया को याद कर स्वरा भास्कर भावुक हो गईं। दूसरी ओर प्रियंका चाहर चौधरी और शहजाद पूनावाला के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली।
तेज प्रताप को इंप्रेस करने का मिला टास्क
एपिसोड में गौतम गुलाटी, सारा गुरपाल और निहारिका तिवारी को तेज प्रताप यादव यानी तेजू भैया को इंप्रेस करने का टास्क दिया गया। तीनों ने अपने-अपने अंदाज में उन्हें प्रभावित करने की कोशिश की।

सारा गुरपाल ने गाया 'ये लड़का है दीवाना'
सबसे पहले सारा गुरपाल की बारी आई। पंजाबी एक्ट्रेस ने तेज प्रताप को एंटरटेन करने के लिए 'ये लड़का है दीवाना' गाना गाया। इसके बाद उन्होंने उन्हें एक लेटर दिया और डांस भी किया। इस दौरान दोनों के बीच हल्की-फुल्की और मजेदार बॉन्डिंग देखने को मिली।
निहारिका ने शहजाद को कहा 'नेवला'
इसके बाद निहारिका तिवारी ने रोस्ट के जरिए तेज प्रताप को इंप्रेस करने की कोशिश की। उन्होंने अपने अंदाज में शहजाद पूनावाला को जमकर रोस्ट किया और उन्हें 'नेवला' तक कह दिया। इतना ही नहीं, निहारिका ने राज ग्रोवर, स्वरा भास्कर और प्रियंका चाहर चौधरी समेत कई कंटेस्टेंट्स की नकल कर माहौल को मजेदार बना दिया।
यें भी पढ़ें : ब्रेस्ट कैंसर के ये 5 लक्षण शरीर में दिखें तो न करें नजरअंदाज!
गौतम गुलाटी बने रूलर
गौतम गुलाटी ने भी तेज प्रताप को इंप्रेस करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने उनके सामने वॉकआउट किया और उनसे बॉलीवुड के डायलॉग भी बुलवाए। सभी की परफॉर्मेंस देखने के बाद तेज प्रताप ने अपना फैसला सुनाया। रेड रूम में जाने से पहले तेज प्रताप ने शहजाद पूनावाला से बातचीत की और गौतम गुलाटी को जिताने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने गौतम को विनर घोषित किया। इस फैसले से घर के कुछ सदस्य खुश नजर नहीं आए। गौतम के विनर बनते ही उनकी पोजिशन भी बदल गई। वह वर्कर से रूलर बन गए और अब उन्हें बेसमेंट के बजाय पेंटहाउस में रहने का मौका मिलेगा।

'गोल्ड डिगर' कहने पर प्रियंका और शहजाद में बहस
एपिसोड का एक और हाईलाइट प्रियंका चाहर चौधरी और शहजाद पूनावाला की बहस रही। दोनों के बीच बातचीत इतनी बढ़ गई कि शहजाद ने प्रियंका को 'गोल्ड डिगर' कह दिया। इस कमेंट पर प्रियंका काफी नाराज नजर आईं। उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि वह अपने दम पर अपने परिवार की जिम्मेदारी उठाती हैं और अपनी मेहनत से यहां तक पहुंची हैं। इसके बाद डिनर टेबल पर भी दोनों के बीच बहस जारी रही।
बेटी राबिया को याद कर रोने लगीं स्वरा भास्कर
एपिसोड का सबसे भावुक पल तब आया, जब स्वरा भास्कर अपनी बेटी राबिया को याद कर रोने लगीं। बेटी से दूर रहने के कारण वह काफी इमोशनल नजर आईं। स्वरा को इस तरह रोता देख तेजू भैया और गौतम गुलाटी उन्हें संभालते और चुप कराते दिखाई दिए। भावुक होकर स्वरा ने मेकर्स से अपील की कि एक बार उन्हें उनकी बेटी का चेहरा दिखा दिया जाए। कुछ देर बाद उन्होंने खुद को संभाला और शांत हो गईं।
यें भी पढ़ें : बड़े ब्रेस्ट वाली महिलाओं में आम हैं ये 4 परेशानियां, जानें कारण
क्या है 'राइज एंड फॉल 2' का फॉर्मेट?
'राइज एंड फॉल 2' में कंटेस्टेंट्स के बीच पावर और रणनीति का खेल देखने को मिलता है। शो में उन्हें रूलर्स और वर्कर्स में बांटा गया है। रूलर्स पेंटहाउस में रहते हैं और उनके पास ज्यादा अधिकार होते हैं, जबकि वर्कर्स बेसमेंट में रहते हुए टास्क के जरिए गेम में आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं। इस गेम में कंटेस्टेंट्स की पोजिशन बदलती रहती है। यानी एक वर्कर अपनी परफॉर्मेंस के दम पर रूलर बन सकता है और रूलर को वर्कर की भूमिका में जाना पड़ सकता है। यही बदलाव शो के गेम को लगातार दिलचस्प बनाए रखता है।

