अधूरा रह गया फिल्ममेकर संजय गुप्ता का सपना, इस Actor संग बनाना चाहते थे ‘कांटे’ का सीक्वल

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 05:10 PM (IST)

नारी डेस्क : बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट वडाला’ और ‘मुंबई सागा’ जैसी फिल्मों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने वाले संजय गुप्ता अब हमारे बीच नहीं रहे। लेकिन उनके जाने के साथ ही उनका एक बड़ा सपना भी अधूरा रह गया। वह साल 2002 में आई अपनी चर्चित फिल्म ‘कांटे’ का सीक्वल बनाना चाहते थे। इतना ही नहीं, उन्होंने फिल्म की शुरुआती कहानी पर काम भी कर लिया था और इसकी स्टार कास्ट को लेकर भी अपनी विश लिस्ट साझा की थी। आइए जानते हैं कि संजय गुप्ता ‘कांटे 2’ में किन सितारों को साथ लाना चाहते थे।

संजय दत्त के साथ ‘कांटे 2’ बनाना चाहते थे संजय गुप्ता

संजय गुप्ता और संजय दत्त की जोड़ी बॉलीवुड में कई यादगार फिल्मों के लिए जानी जाती है। दोनों ने ‘आतिश’, ‘जंग’, ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’ और ‘जिंदा’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया था। अब दोनों एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ आने की तैयारी कर रहे थे। मई 2026 में ‘इनकंट्रोवर्शियल पॉडकास्ट’ को दिए इंटरव्यू में संजय गुप्ता ने ‘कांटे 2’ को लेकर बड़ा खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि फिल्म की शुरुआती कहानी तैयार हो चुकी है और वह जल्द ही इसकी स्क्रिप्ट लिखना शुरू करने वाले हैं। उन्होंने कहा था कि संजय दत्त के साथ इस प्रोजेक्ट को लेकर उनकी लगातार बातचीत हो रही थी।

PunjabKesari

‘कांटे 2’ में इन सितारों को कास्ट करना चाहते थे संजय गुप्ता

संजय गुप्ता ने पॉडकास्ट में फिल्म की अपनी ड्रीम कास्ट का भी खुलासा किया था। उनकी विश लिस्ट में संजय दत्त के साथ अभिषेक बच्चन और मनोज बाजपेयी का नाम शामिल था। इसके अलावा वह जयदीप अहलावत, विजय वर्मा और अली फजल को भी फिल्म का हिस्सा बनाना चाहते थे। यानी संजय गुप्ता ‘कांटे 2’ में पुराने दौर के दमदार कलाकारों के साथ नई पीढ़ी के प्रतिभाशाली सितारों को भी एक साथ लाने की योजना बना रहे थे। हालांकि, यह उनकी पसंदीदा कास्ट थी और फिल्म की आधिकारिक कास्टिंग की घोषणा नहीं हुई थी।

यें भी पढ़ें : हार्ट अटैक की असली वजह: मीट-तेल नहीं, बल्कि 5 गलत आदतें जो नाइट्रिक ऑक्साइड घटाती हैं

आखिर क्यों इतने साल तक अटकी रही ‘कांटे 2’?

साल 2002 में रिलीज हुई ‘कांटे’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म की कहानी छह ऐसे भारतीयों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो लॉस एंजिल्स में बैंक लूटने की योजना बनाते हैं। फिल्म में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, महेश मांजरेकर, कुमार गौरव और लकी अली जैसे कलाकार नजर आए थे। संजय गुप्ता ने बताया था कि फिल्म के कानूनी विवादों के कारण इसके सीक्वल पर लंबे समय तक काम नहीं हो पाया। उन्होंने पॉडकास्ट में कहा था कि अब कानूनी अड़चनें दूर हो चुकी हैं और वह फिल्म की कहानी पर रचनात्मक रूप से काम शुरू करना चाहते हैं।

PunjabKesari

घर पर गिरने से हुआ संजय गुप्ता का निधन

संजय गुप्ता का 30 अक्टूबर 2026 को मुंबई स्थित अपने घर पर निधन हो गया। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, घर में गिरने से उनके सिर पर गंभीर चोट लगी थी। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की पुष्टि की थी। पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। संजय गुप्ता के निधन से उनके परिवार, दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री को गहरा सदमा पहुंचा है। वहीं ‘कांटे 2’ का उनका सपना अब उनके चाहने वालों के लिए एक अधूरी ख्वाहिश बनकर रह गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Monika

Related News

static