वैष्णो देवी हादसा: चार महीने पहले हुई थी शादी, पति से छूट गया साथ, बागपत परिवार में छाया मातम
punjabkesari.in Thursday, Aug 28, 2025 - 01:37 PM (IST)
नारी डेस्क: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकड़ा गांव की चांदनी गोयल और उसका परिवार माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन के लिए गए थे। मंगलवार को भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिसमें पूरा परिवार फंस गया। इस दुखद हादसे में चांदनी गोयल और उसकी बहन नीरा की मौत हो गई, जबकि चांदनी के पति मयंक गोयल, जीजा अमित गोयल और उनकी 10 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए।
चांदनी की शादी मात्र चार महीने पहले मयंक गोयल से हुई थी। वे खुशी-खुशी माता के दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन इस भूस्खलन ने उनकी खुशियां छीन लीं। गंभीर रूप से घायल मयंक, अमित और बच्ची का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिवार के लोग अब चांदनी और नीरा के शव लेने के लिए कटरा की तरफ रवाना हो चुके हैं। परिजन बताते हैं कि यह हादसा पूरे परिवार और गांव के लिए बड़ा सदमा है।

इस भूस्खलन में उत्तर प्रदेश के अलावा आगरा, गाजियाबाद, बरेली, मुजफ्फरनगर और बागपत के कुल 41 श्रद्धालु अपनी जान गंवा चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 9-9 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है।
हादसे से स्थानीय लोगों के कई घर और दुकानें भी नुकसान में आ गई हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और सभी मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी जा रही है।

